अंबाला की पुरानी सब्जी मंडी में एक जर्जर इमारत का लेंटर अचानक गिर गया। मलबे में दबे तीन मजदूरों में से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
अंबाला। शहर की पुरानी सब्जी मंडी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जर्जर इमारत की दुकान के बाहर का लेंटर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के समय वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। तेज आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (State Disaster Response Force) की टीम को मौके पर बुलाया गया और युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में दबे तीन लोगों में से दो सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि राकेश कुमार नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से उसे तुरंत मलबे से निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के मुताबिक घायल राकेश के सिर पर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची कोतवाली थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि यह इमारत काफी जर्जर हालत में थी और हादसे का शिकार हुए तीनों लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जो यहां सब्जी की रेहड़ी लगाते थे। उन्होंने कहा कि नगर निगम से बिल्डिंग मालिक की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए इलाके की जर्जर इमारतों की पहचान कर उन्हें खाली करवाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पूर्व मंत्री असीम गोयल के निजी सचिव और स्थानीय पार्षद भी पहुंचे। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए प्रशासन से जर्जर इमारतों का सर्वे कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

