अंबाला। अंबाला के दुखेड़ी गांव में 17 जून को हुए चर्चित गोलीकांड में घायल 19 वर्षीय युवक केशव राणा जिंदगी की जंग हार गया। कई दिनों तक मौत से संघर्ष करने के बाद सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जैसे ही केशव के निधन की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते 17 जून को केशव राणा पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं। गंभीर हालत में उसे पहले आदेश अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए एमएम यूनिवर्सिटी, सद्दोपुर में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की टीम लगातार उसे बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन आखिरकार वह जिंदगी की लड़ाई हार गया।
वारदात के बाद अंबाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में सामने आया कि घटना को पुरानी दुश्मनी के चलते अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाले सचिन को भी गिरफ्तार कर लिया है।
सीआईए-2 इंचार्ज रवि ने बताया कि 17 जून को दुखेड़ी गांव में अंकित नामक युवक ने केशव को गोली मारी थी। घायल युवक का लगातार इलाज चल रहा था, लेकिन आज उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सिविल अस्पताल अंबाला कैंट में बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
केशव की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है। परिवार का कहना है कि उनका जवान बेटा उनसे छिन गया और घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ मजबूत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

