अंबाला लोकसभा सांसद वरुण चौधरी ने टांगरी नदी पंप हाउस का निरीक्षण कर जलभराव की तैयारियों पर नाराजगी जताई। इसके विरोध में कांग्रेस 31 मई और 1 जून को हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी।
अनिल शर्मा,अंबाला। मुलाना क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या के स्थाई समाधान को लेकर सियासत गरमा गई है। स्थानीय प्रशासन द्वारा समय रहते ठोस कदम न उठाए जाने के विरोध में अंबाला लोकसभा सांसद वरुण चौधरी की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी एक विशाल हस्ताक्षर अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत आगामी 31 मई को सुबह 9:30 बजे मुलाना मारकंडा पुल पर और 1 जून को सुबह 9:30 बजे महेशनगर टांगरी पुल पर प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि मानसून नजदीक होने के बावजूद टांगरी, मारकंडा और बेगना नदी की सही ढंग से सफाई व खुदाई नहीं की गई है।
पंप हाउस का निरीक्षण और नाराजगी
सांसद वरुण चौधरी ने जमीनी हकीकत जानने के लिए महेशनगर स्थित टांगरी नदी पर बने पंप हाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी में चल रहे खुदाई के कार्य का जायजा लिया और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के तहत तेजी से काम करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि वर्तमान में चल रहे काम की गति और गुणवत्ता बेहद असंतोषजनक है। यदि प्रशासन ने समय रहते अपनी सुस्ती दूर नहीं की, तो आने वाले मानसून में अंबाला कैंट और उसके आसपास के शहरी व ग्रामीण इलाकों के निवासियों को भारी जलभराव का सामना करना पड़ेगा।
नदियों और नालों की सफाई ठप
सांसद ने निरीक्षण के दौरान पाया कि क्षेत्र के प्रमुख नालों की सफाई का कार्य अभी तक लगभग ना के बराबर हुआ है। मुलाना क्षेत्र की मारकंडा और बेगना नदी में भी न तो उचित खुदाई हुई है और न ही संवेदनशील स्थानों पर मजबूत तटबंध (बंध) बनाने के लिए कोई कदम उठाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता, किसानों और व्यापारियों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरुण चौधरी ने मांग की है कि युद्धस्तर पर सभी नालों की सफाई कराई जाए और कमजोर तटबंधों को तुरंत मजबूत किया जाए ताकि जनता को इस बड़ी मुसीबत से बचाया जा सके।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण और अभियान की घोषणा के अवसर पर सांसद वरुण चौधरी के साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से ग्रामीण जिला अध्यक्ष दुष्यंत चौहान, पूर्व डिप्टी मेयर सुधीर जायसवाल और शहरी उपाध्यक्ष पार्षद हरमिंदर सिंह हीरा शामिल हुए। इनके अलावा सतीश सैनी, संगठन महासचिव मनीष राणा, भास्कर शर्मा, संजीव राणा और अमनप्रीत शेरा सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की और आगामी आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

