देश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. केंद्र सरकार ने मंगलवार को सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और उससे जुड़ी संस्थाओं को एडवाइजरी जारी कर कहा कि देश में हीटवेव और तेजी से बढ़ते तापमान के बीच कर्मचारियों और श्रमिकों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाए जाए. केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुख सचिवों/प्रशासकों को लिखे पत्र में कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा के लिए, विशेष रूप से बाहरी और श्रम-प्रधान क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा के लिए, एक समन्वित, बहु-क्षेत्रीय और बहु-आयामी दृष्टिकोण की आवश्यकता है.

मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया है कि वे कंपनियों, फैक्ट्रियों और कंस्ट्रक्शन साइट्स पर काम करने वाले मजदूरों के लिए काम के समय में बदलाव करें, ताकि तेज धूप में काम से बचा जा सके. साथ ही पीने के पानी, आराम करने की जगह और ठंडक के इंतजाम जरूरी करने को कहा गया है.

मजदूरों का नियमित हेल्थ चेकअप कराने का निर्देश

सरकार ने एडवाइजरी में यह भी कहा है कि जहां जरूरत हो, वहां आइस पैक और हीट से बचाव के सामान रखे जाएं. मजदूरों का नियमित हेल्थ चेकअप कराने और स्वास्थ्य विभाग के साथ तालमेल रखने पर भी जोर दिया गया है. फैक्ट्री और खदानों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए काम की रफ्तार कम रखने, ज्यादा ब्रेक देने और वेंटिलेशन का खास ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं.

कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, ईंट-भट्ठा मजदूर पर खास ध्यान

कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, ईंट-भट्ठा मजदूर और दिहाड़ी कामगारों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है. सरकार ने लेबर चौक और सार्वजनिक जगहों पर जागरूकता अभियान चलाने, पोस्टर-बैनर लगाने और हीटवेव से बचाव की जानकारी देने के भी निर्देश दिए हैं. ईएसआईसी अस्पतालों और डिस्पेंसरी में हीट स्ट्रोक के लिए खास हेल्प डेस्क बनाने, ORS और जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है. सरकार ने साफ किया है कि समय रहते उठाए गए ये कदम मजदूरों की सेहत और कामकाज दोनों को सुरक्षित रखने में मदद करेंगे.

सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता आभियान चलाएं

मंत्रालय ने आगे कहा कि राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को श्रमिक चौकों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है, साथ ही लू से सुरक्षा संदेश और आपातकालीन संपर्क विवरण वाले पोस्टर और बैनर प्रदर्शित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m