केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को तमिलनाडु के महाबलीपुरम में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की अध्यक्षता की. आज, गुरुवार को हुई इस क्षेत्रीय बैठक में डीलिमिटेशन, दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, NEET परीक्षा, कावेरी जल बंटवारे और राज्यों को ज्यादा वित्तीय स्वायत्तता देने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे. मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद अमित शाह के साथ विजय की यह पहली शिष्टाचार भेंट रही.

दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरलम, तमिलनाडु और तेलंगाना के अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप शामिल हैं.

बैठक में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने परिसीमन का मुद्दा उठाया, शिवकुमार ने अगले 25 वर्षों तक 1971 की जनगणना को परिसीमन का आधार बनाए रखने और लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बरकरार रखने का सुझाव दिया. इसी तरह की मांग तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने की. 

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को नीट और परिसीमन के खिलाफ अपनी बात रखी. तमिलनाडु सरकार कावेरी नदी पर प्रस्तावित संतुलन जलाशय परियोजना का विरोध करती रही है. उसका कहना है कि इसे लागू करने से राज्य के हित प्रभावित होंगे. CM विजय ने मेडिकल कॉलेजों के लिए सेंट्रलाइज्ड नीट परीक्षा के खिलाफ मजबूत तर्क पेश करते हुए इसे गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों के लिए अनुचित बताया.

केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने भी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की. दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक से इतर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ महत्वपूर्ण बातचीत हुई.

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु को NEET से छूट देने की मांग भी दोहराई. उन्होंने प्रस्ताव दिया कि राज्य कोटे के तहत MBBS, BDS और AYUSH पाठ्यक्रमों में दाखिला 12वीं के अंकों के आधार पर किया जाए.

वहीं, डीके शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक भारत की आर्थिक प्रगति में अहम भूमिका निभाता है. राज्य देश की 5.5 फीसदी आबादी के साथ भारत की जीडीपी में करीब 9 फीसदी योगदान देता है.

अमित शाह दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष हैं, जबकि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री इसके उपाध्यक्ष हैं.

केंद्र का कहना है कि प्रस्तावित परिसीमन के तहत किसी भी राज्य की सीटें कम नहीं होंगी. सरकार संसद में परिसीमन बिल पास कराने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक सफल नहीं हो पाई है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m