देहरादून. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड के दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे. विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है. शाह परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे. बीजेपी ने सभा में 25 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा किया है. इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कार्यकर्ताओं और लोगों को बुलाया गया है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए. धनतेरस के दिन वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है.

इसे भी पढ़ें- कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की राज्यपाल से मुलाकात! इन ज्वलंत मुद्दों पर हुई बात, जानें इनसाइड स्टोरी

12 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे अमित शाह

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह सुबह करीब 11:30 बजे विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद हेलिकॉप्टर से देहरादून आएंगे. दोपहर करीब 12 बजे परेड ग्राउंड पहुंचकर बीजेपी की पदयात्रा में शामिल होंगे. इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम में डेढ़ हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा.

उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति निशान

जनसभा के बाद शाह पुलिस लाइन पहुंचेंगे. यहां उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित किया जाएगा. इसके लिए विशेष अलंकरण परेड आयोजित होगी. कार्यक्रम दोपहर करीब 1:55 बजे शुरू होगा. इस दौरान पुलिस की नई वर्दी और प्रतीक चिह्न भी जारी किए जाएंगे.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन पर प्रतिबंध

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. वीवीआईपी रूट पर ऊंची इमारतों का सत्यापन किया जा रहा है. संवेदनशील स्थानों की जांच भी हो रही है. कार्यक्रम स्थलों के आसपास ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी. पुलिस लाइन और परेड ग्राउंड के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी.

इसे भी पढ़ें- ‘जय केदार’ के जयकारों से गूंजी घाटी: टूट गए दर्शन के सारे रिकॉर्ड, जानें कपाट बंद होने की तारीख

परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन, कई रास्तों पर डायवर्जन

जनसभा के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा और लैंसडाउन चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को कनक चौक की ओर भेजा जाएगा. बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी के रास्ते जाएंगे. आराघर से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड से निकाला जाएगा. लोगों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील की गई है.