नोएडा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (25 सितंबर 2026) को ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास को लेकर तारीफ की. शाह ने कहा कि सपा-बसपा के शासन में अपराध की इंडस्ट्री चलती थी, जबकि आज उसी प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर और आधुनिक उद्योग विकसित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि यूपी में बनी ब्रह्मोस मिसाइलें पाकिस्तान की नींद उड़ा रही हैं.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश का रेड अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद, सीएम योगी ने कहा- बेवजह घर से न निकलें
‘कट्टा उद्योग की जगह बना डिफेंस कॉरिडोर’
अमित शाह ने कहा, “सपा-बसपा के शासन में अपराध की इंडस्ट्री चलती थी. कट्टा-तमंचा का कुटीर उद्योग लगता था. कट्टा उद्योग की जगह आज डिफेंस कॉरिडोर बना है. अमेठी में बनी राइफल नक्सलवादियों और आतंकियों की नींद उड़ा चुकी है.” उन्होंने कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था में सुधार के बाद निवेश का माहौल बना है. शाह ने निवेश के लिए अच्छी कानून-व्यवस्था, औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और निवेशकों की मदद को जरूरी बताया.
‘ब्रह्मोस मिसाइलें पाकिस्तान की नींद उड़ा रही’
शाह ने कहा कि यूपी में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का विस्तार हुआ है और यहां तैयार हो रही ब्रह्मोस मिसाइलें पाकिस्तान की नींद उड़ा रही हैं. लखनऊ में यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत ब्रह्मोस की असेंबली, इंटीग्रेशन और टेस्टिंग सुविधा स्थापित है. यहां से अक्टूबर 2025 में मिसाइलों की पहली खेप रवाना की गई थी.
गोल्फ कार्ट में योगी-शाह ने देखा ट्रेड शो
अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट से ट्रेड शो का निरीक्षण किया. दोनों नेताओं ने अलग-अलग स्टॉल पर जाकर उत्पादों की जानकारी ली. मंच पर भी दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. मुख्यमंत्री योगी ने गृह मंत्री को राधा-कृष्ण की मूर्ति भेंट की. योगी ने कहा कि भारत की ताकतें विभाजित होने के कारण देश को गुलामी झेलनी पड़ी और इसका असर पारंपरिक उद्योगों व हस्तशिल्प पर भी पड़ा.
इसे भी पढ़ें- मथुरा में सनसनी: प्रेमानंद महाराज के परिकर की आश्रम में मिली लाश, प्राइवेट पार्ट कटा देख उड़े होश
85 देशों के खरीदार, 2 लाख करोड़ के कारोबार की उम्मीद
29 सितंबर तक चलने वाले इस ट्रेड शो में जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस पार्टनर देशों के रूप में शामिल हैं. इन्वेस्ट यूपी के अनुसार 85 देशों के कारोबारी प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी तय है. आयोजकों को इस बार करीब 2 लाख करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है. इलेक्ट्रॉनिक्स, EV, डिफेंस, IT, फूड प्रोसेसिंग समेत कई क्षेत्रों की कंपनियां यहां अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रही हैं. योगी ने ODOP का जिक्र करते हुए कहा कि एक्सप्रेस-वे और बेहतर कनेक्टिविटी से यूपी के स्थानीय उत्पाद देश-दुनिया के बाजार तक पहुंच रहे हैं.


