लखनऊ. 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 30 अक्टूबर को राजधानी के दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान वे डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को गाइड करेंगे. इस दौरान वे प्रदेश पदाधिकारियों, मंत्रियों, लोकसभा और राज्यसभा सांसदों, विधायकों और क्षेत्रीय मोर्चा अध्यक्षों के साथ भावी चुनावी रणनीति पर चर्चा भी करेंगे.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में यह अहम बैठक संपन्न होगी. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इस महामंथन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करेंगे. बैठक के समापन सत्र को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे. बैठक में बीजेपी के कई बड़े और दिग्गज चेहरे एक ही मंच पर नजर आने वाले हैं.
इसे भी पढ़ें : विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस का बुरा हाल, विनोद तावड़े बोले- राहुल पॉलिटिक्स में शून्य का आविष्कार
जानकारी के मुताबिक बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह-प्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे. साथ ही प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी चर्चा में शामिल होंगे.

