लखनऊ. 4 राज्यों में 28 सीटों पर हुए विधान परिषद चुनाव की मतगणना बुधवार को हुई. जिसमें कांग्रेस के लिए नतीजे बेहद खराब रहे. लगभग सभी सीटों पर कांग्रेस को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है. इसे लेकर उत्तरप्रदेश भाजपा के प्रभारी और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े ने चुटकी ली है. उन्होंने पोस्टर शेयर किया जिसमें तस्वीर के साथ राहुल गांधी को पॉलिटिक्स में शून्य का आविष्कार बताया गया है.
विनोद तावड़े ने लिखा कि देश के 4 राज्यों कर्नाटक, उत्तरप्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र में 28 सीटों पर हुए विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस को बड़ी हार मिली है. चुनाव ईवीएम से हो या बैलेट से, जनता ने कांग्रेस को विपक्ष में बैठाने का मन बना लिया है. जनादेश को वोट चोरी कहने वाले अब 1 नवंबर को अपनी हार का ठीकरा किस पर फोड़ेंगे? उन्होंने आगे लिखा कि देश लोकतंत्र से चलता है, भीड़तंत्र से नहीं. जनतंत्र जीत का आधार है और भीड़तंत्र अराजकता का.
इसे भी पढ़ें : प्रदर्शन जीरो और सीट चाहिए 200..! MLC चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर राजभर का तंज, बोले- अपने मित्र राहुल जी को बधाई दी या नहीं
दूसरी पोस्ट में विनोद तावड़े ने गालिब का शेर “उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा” लिखते हुए कहा कि बैलेट पेपर से संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस सीट नहीं जीत सकी. जनादेश को वोट चोरी कहने वालों का जनता ने सूपड़ा साफ कर दिया है. कांग्रेस शासित कर्नाटक में भी जीरो बटा सन्नाटा हो गया. ईवीएम हो या बैलेट, कांग्रेस पार्टी में बैठे राहु ने बचा-खुचा जनाधार भी गंवा दिया है. उन्होंने कहा कि वोट चोरी तो बहाना है, असल में शहजादे को हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ना है.

