केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंचे। बागडोगरा एयरपोर्ट पर उनका स्वागत राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया। इसके बाद गृह मंत्री एसएसबी कैंप पहुंचे और जवानों से मुलाकात कर सीमा सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की।

SSB जवानों से की मुलाकात, ममता पर साधा निशाना

अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह ने जवानों के साथ बातचीत के दौरान सीमा पर सुरक्षा चुनौतियों, ऑपरेशनल तैयारियों और बॉर्डर मैनेजमेंट की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सीमा की सुरक्षा में तैनात बलों के साथ सभी को अच्छे संबंध बनाए रखने चाहिए, क्योंकि जवान देश की सुरक्षा के लिए काम करते हैं। इस दौरान शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले ममता बनर्जी को SSB के कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाता था, लेकिन वह कभी कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुईं।

BSF को जमीन देने का दावा

अमित शाह ने दावा किया कि बंगाल में घुसपैठ रोकने और सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए शुभेंदु सरकार ने BSF को 1,129 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही 29 एकड़ अतिरिक्त जमीन भी दी जाएगी। शाह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पूरी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ लगाना चाहती थी, लेकिन पिछली राज्य सरकार की ओर से जमीन उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण काम प्रभावित हुआ।

कावाखाली मैदान में कार्यक्रम

सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में अमित शाह आपराधिक प्रक्रिया संहिता से जुड़ी प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह पार्टी की बैठक में भी शामिल होंगे। शुक्रवार रात उनका सुकना के एक होटल में ठहरने का कार्यक्रम है।

शनिवार को गृह मंत्री पहाड़ी जिलों से जुड़े मुद्दों पर बैठक करेंगे और इसके बाद दिल्ली लौटेंगे। माना जा रहा है कि उनके इस दौरे से पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा, घुसपैठ और पहाड़ी क्षेत्रों से जुड़े राजनीतिक मुद्दों को लेकर चर्चा तेज होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m