सतीश सिंह, लखनऊ. आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सुभासपा विधायक बेदी राम और निषाद पार्टी के विधायक विपुल दुबे से जुड़े पुराने पेपर लीक मामलों में प्रभावी, निष्पक्ष और समयबद्ध अभियोजन सुनिश्चित कराने की मांग की है.
अपने पत्र में अमिताभ ठाकुर ने कहा कि हाल के वर्षों में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर देशभर में व्यापक आक्रोश देखने को मिला है. केंद्र और राज्य सरकारों ने भी ऐसे मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने की घोषणा की है. ऐसे में लगभग दो दशक पुराने लंबित मामलों का भी समान गंभीरता से निस्तारण किया जाना चाहिए.
इसे भी पढ़ें : कुछ लोग फिर से जाति और… सपा के गढ़ में गरजे CM योगी, जनता को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कह दी बड़ी बात
अमिताभ ने लखनऊ की अदालत में विचाराधीन वर्ष 2006 के रेलवे भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकरण में बेदी राम, विपुल दुबे समेत अन्य आरोपियों के विरुद्ध अभियोजन लंबित है. इसके अलावा बेदी राम के खिलाफ प्रश्नपत्र लीक से जुड़े अन्य आपराधिक मामले भी विभिन्न स्तरों पर लंबित बताए गए हैं.
अमिताभ ठाकुर ने राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि इन सभी मामलों की वरिष्ठ स्तर पर नियमित समीक्षा कराई जाए, सक्षम लोक अभियोजकों के माध्यम से प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए और मामलों की सतत निगरानी रखी जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया अनावश्यक विलंब के बिना कानून के अनुसार आगे बढ़ सके. उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण होने से भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और न्याय व्यवस्था पर जनता का विश्वास और मजबूत होगा.


