हरियाणा सरकार द्वारा आमजन को किफायती स्वास्थ्य सेवाएं देने के उद्देश्य से झज्जर जिला अस्पताल में अमृत फार्मेसी की स्थापना की जा रही है। इस स्टोर के चालू होने से गंभीर बीमारियों के मरीजों को बाजार मूल्य से बेहद कम दरों पर जीवनरक्षक दवाइयां मिल सकेंगी।
संजीत कबलाना, झज्जर। राज्य सरकार द्वारा आमजन को किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिला अस्पताल झज्जर में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में अमृत फार्मेसी बनाने की दिशा में सजगता से कार्य किया जा रहा है। इस स्टोर के बनने से मरीजों को सस्ती दरों पर दवाएं मिलेंगी। गत शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा पंचकूला से झज्जर सहित प्रदेश के जिला अस्पतालों में इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास किया गया है। सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से संचालित अमृत फार्मेसी का उद्देश्य मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां, सर्जिकल सामग्री तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद रियायती दरों पर उपलब्ध करवाना है। यह पहल मरीजों के उपचार पर होने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गंभीर बीमारियों की दवाइयां मिलेंगी सस्ती
सिविल सर्जन ने बताया कि जिला अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी स्थापित करने के लिए स्थान आवंटित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अमृत फार्मेसी शुरू होने के बाद मरीजों को बाजार मूल्य की तुलना में कम दरों पर आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। इससे विशेष रूप से कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग तथा अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि अमृत फार्मेसी देश के विभिन्न राज्यों में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है तथा लाखों मरीज इसका लाभ उठा चुके हैं। झज्जर में भी इसके शुरू होने के बाद आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। सिविल सर्जन के अनुसार अमृत फार्मेसी के शीघ्र संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है ताकि जिले के नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।
उपचार पर बढ़ेगा लोगों का भरोसा
झज्जर की डीसी वर्षा खांगवाल ने इस परियोजना पर अपना वर्जन देते हुए कहा कि झज्जर जिला अस्पताल में सरकार की अमृत फार्मेसी बनाने की पहल सराहनीय है। इस पहल से सरकारी अस्पतालों में उपचार पर लोगों का भरोसा और बढ़ेगा। वर्तमान में कई मरीजों को मेडिकल स्टोरों से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। झज्जर जिला अस्पताल में अमृत फार्मेसी शुरू होने से यह बोझ कम होगा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर किफायती दरों पर दवाईयां मिल सकेंगी। झज्जर जिला अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी प्रोजेक्ट पर तेजी से कार्य हो रहा है। इसके चालू होने से निश्चित रूप से मरीजों को खासा लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इस व्यवस्था को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

