अलीगढ़. अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल बाद हुए छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं. अध्यक्ष पद पर मोहम्मद नोमान अशरफ ने जीत दर्ज की है. वहीं, नसरा नईम उपाध्यक्ष और मोहम्मद हमदान मानद सचिव चुने गए हैं. खास बात यह है कि नसरा नईम एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में पहली महिला उपाध्यक्ष बनी हैं. शुक्रवार सुबह नतीजे सामने आते ही कैंपस में जश्न शुरू हो गया. छात्रों ने पटाखे फोड़े और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, 85% ग्वाला समाज आपको…यादव वोटरों में भेद करने का आरोप लगाते हुए राजभर ने साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या कहा?
4121 वोटों से जीते नोमान अशरफ
अध्यक्ष पद पर पीएचडी के छात्र मोहम्मद नोमान अशरफ को 7,797 वोट मिले. उन्होंने मोहम्मद इंतखाब को 4,121 वोटों से हराया. इंतखाब को 3,676 वोट मिले. वहीं, उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम ने 7,091 वोट हासिल किए. उन्होंने साकिब अली खान को 1,273 वोटों से हराया. साकिब को 5,818 वोट मिले.
नसरा नईम बनीं पहली महिला उपाध्यक्ष
लॉ फैकल्टी की छात्रा नसरा नईम ने एएमयू छात्रसंघ में नया इतिहास बनाया है. वह छात्रसंघ की पहली महिला उपाध्यक्ष चुनी गई हैं. नसरा मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली हैं और लखनऊ में रहती हैं. वहीं, अध्यक्ष नोमान अशरफ बिहार के सहरसा और सचिव मोहम्मद हमदान आजमगढ़ के रहने वाले हैं.
मानद सचिव पद पर हमदान की बड़ी जीत
मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान ने 8,385 वोट हासिल कर जीत दर्ज की. उन्होंने अहमद फराज राजी को 1,503 वोटों से हराया. राजी को 6,882 वोट मिले. तीनों प्रमुख पदों में हमदान को सबसे ज्यादा वोट मिले. इसके अलावा 11 फैकल्टी और समूहों के कोर्ट मेंबर भी चुने गए. कैबिनेट सदस्य के 10 पदों पर भी नतीजे घोषित किए गए.
इसे भी पढ़ें- योगी सरकार का किसानों को दिवाली गिफ्ट, फसल नुकसान पर 30% तक ज्यादा मुआवजा; मौत पर दोगुना मुआवजा
19 दिन के आंदोलन के बाद हुए चुनाव
एएमयू में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर 21 सितंबर से आंदोलन शुरू हुआ था. छात्र यासिर फहद ने भूख हड़ताल की थी. इस आंदोलन में छात्राओं ने भी हिस्सा लिया. करीब 19 दिन तक चले विरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच सहमति बनी. इसके बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई और 5 नवंबर को मतदान कराया गया. गुरुवार शाम मतदान खत्म होने के बाद रात में मतगणना शुरू हुई. शुक्रवार सुबह नतीजे घोषित किए गए. आठ साल बाद चुनाव होने से कैंपस में छात्रों का उत्साह देखने को मिला.

