लखनऊ. यादव वोटरों को लेकर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर करारा तंज कसा है. उन्होंने कहा कि गुड मॉर्निंग मित्र अखिलेश जी, पता है अभी भी आप स्वपनलोक में ही खोए होंगे. मगर गाय-भैंस की सेवा करने वाले अहीर भाई जाग चुके हैं और आपका सब खेल समझने भी लगे हैं. हम अब तक यही जानते थे कि अहीर दो ही प्रकार के होते हैं! एक कृष्ण जी वाले, दूसरे वाले आप और आपके सपाई, लेकिन अब पता चल रहा है कि आप तो सच में अहीरों में भी 15 परसेंट वाले ही हैं और इस 15 परसेंट का बदला आप 85 परसेंट से ले रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव मुर्दा हैं या जिंदा? राजभर ने दी सड़क पर आने की चुनौती, नंद किशोर गुर्जर ने भी साधा निशाना

ओपी राजभर ने कहा कि पहले लगाता था कि आप यादवों को एक नजर से देखते होंगे पर ऐसा नहीं है, आपके लिए तो उसमें भी अपने और पराए हैं. 85 परसेंट वाले घोसी यानी ग्वाला आपको बिल्कुल नहीं सुहाते, आपके लिए तो बस 15 परसेंट वाले कमरिया ही ‘आपके अपने’ हैं. बताइए भला! पहला ऐसा यादव नेता देखा जो अहीर-अहीर में भेद करता हो. आपके पहले वालों ने पहले धर्म के नाम पर जनता को बांटा, आप जाति के नाम पर बांटते-बांटते अब अहिर-अहिर में दो आंख करने लगे.

इसे भी पढ़ें- योगी सरकार का किसानों को दिवाली गिफ्ट, फसल नुकसान पर 30% तक ज्यादा मुआवजा; मौत पर दोगुना मुआवजा

आगे ओपी राजभर ने कहा कि बस इतना बता दीजिए कि 2017 से लेकर 2024 तक के चुनाव में आपने कितने घोसी यानी ग्वाला और कितने कमरिया को टिकट दिया है? अरे मित्र! अब तो जाग जाइए. 2027 में यही 85 फीसदी वाला ग्वाला समाज आपको 2022 से भी बुरे दौर का दर्शन कराने जा रहा है.