लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने अखिलेश को सड़क पर आकर अपनी ताकत दिखाने की चुनौती दी. वहीं, गाजियाबाद में भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने भी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि यादव समाज इस बार सपा को हराने का संकल्प ले चुका है.

इसे भी पढ़ें- मां की बनाई मूंग दाल की नमकीन लेकर CM योगी के पास पहुंची बच्ची, बोले- पैकेजिंग हो जाए तो ब्रांड बन जाएगा

राजभर ने अखिलेश यादव पर किया तीखा हमला

ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को लेकर विवादित टिप्पणी की. उन्होंने सवाल किया कि अखिलेश यादव मुर्दा हैं या जिंदा? राजभर ने कहा कि अगर उनमें दम है तो सड़क पर आकर अपना पौरुष दिखाएं. उन्होंने अखिलेश को ट्विटर वाला नेता बताया. राजभर के मुताबिक, अखिलेश सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं और प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपनी बात रखते हैं.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जाति पूछने का लगाया आरोप

राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल पूछने वाले पत्रकारों की जाति पूछते हैं. उन्होंने कहा कि कोई पत्रकार सवाल करता है तो उससे पूछा जाता है कि वह किस जाति का है. राजभर ने इस बयान के जरिए सपा प्रमुख की राजनीति और उनके काम करने के तरीके पर सवाल उठाए.

नंद किशोर गुर्जर ने राहुल-अखिलेश पर कसा तंज

गाजियाबाद में भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च में हिस्सा लिया. इसके बाद उन्होंने सपा और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा. गुर्जर ने कहा कि यह मार्च देशविरोधी और सनातन विरोधी तत्वों के मुंह पर करारा तमाचा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी सदमे में होंगे और अखिलेश यादव डर के मारे बेहोश हो जाएंगे.

इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत, सिखों पर बयान के मामले में FIR की मांग वाली याचिका खारिज

भगवान श्रीकृष्ण को लेकर भी दिया बयान

नंद किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा नहीं करने की बात कही थी. उन्होंने कहा कि सच्चे यादव भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य और वंश का पूर्वज मानते हैं. गुर्जर ने दावा किया कि यादव समाज ने इस बार समाजवादी पार्टी को हराने और उसका सफाया करने का संकल्प लिया है.