लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गुरुवार 5 नवंबर को एक जिला एक उत्पाद (ODOP) कार्यक्रम में अलग अंदाज देखने को मिला. यहां एक छोटी बच्ची ने उन्हें आवाज देकर रोक लिया. बच्ची ने सीएम को मूंग दाल की नमकीन का पैकेट दिया और कहा कि इसे उसकी मां ने बनाया है. बच्ची का उत्साह देखकर योगी मुस्कुराए. उन्होंने नमकीन ली और उसके साथ सेल्फी भी खिंचवाई.
योगी ने बाद में मंच से भी इस मुलाकात का जिक्र किया. उन्होंने बच्ची की तारीफ की और उसके उत्पाद को आगे बढ़ाने की बात कही.
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत, सिखों पर बयान के मामले में FIR की मांग वाली याचिका खारिज
बच्ची ने आवाज देकर योगी को रोका
सीएम योगी गुरुवार दोपहर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ODOP कार्यक्रम में पहुंचे थे. कार्यक्रम स्थल पर एक बच्ची ने उन्हें आवाज लगाई. उसने नमकीन का पैकेट देते हुए बताया कि यह उसकी मां बनाती और बेचती हैं. बच्ची ने बड़े उत्साह से योगी को नमकीन दी. मुख्यमंत्री ने भी खुशी से उसे स्वीकार किया.
सेल्फी की जगह बन गया वीडियो
इस दौरान बच्ची ने सीएम योगी के साथ सेल्फी लेने की कोशिश की, लेकिन गलती से फोटो की जगह वीडियो रिकॉर्ड हो गया. पीछे से किसी ने कहा कि फोटो की जगह वीडियो बन गया. इस पर योगी मुस्कुराते हुए बोले, ‘अरे कोई नहीं, कोई नहीं.’ इसके बाद उन्होंने बच्ची और एक अन्य बच्ची को मंच पर बुलवाया और दोनों के साथ तस्वीर खिंचवाई.
योगी बोले- पैकेजिंग से बन सकता है ब्रांड
मुख्यमंत्री ने मंच से बच्ची का जिक्र करते हुए कहा कि वह मुनाफे की बात नहीं कर रही थी. वह तो उत्साह से कह रही थी कि आप हमें चॉकलेट देते हैं तो हमारी तरफ से नमकीन लीजिए. योगी ने कहा कि विभाग से कहेंगे कि बच्ची के उत्पाद को पैकेजिंग से जोड़ने की व्यवस्था की जाए. इससे उसका अपना ब्रांड बन सकता है.
इसे भी पढ़ें- UP में बढ़ी ठंड, 10 शहरों में कोहरा; नोएडा का AQI 400 पार, दिवाली तक और गिरेगा पारा
हर जिले के स्थानीय उत्पाद को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम के दौरान योगी ने व्यंजन प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया. उन्होंने कारीगरों को सम्मानित किया और उनके काम की सराहना की. प्रदर्शनी में प्रदेश की कला, संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों को जगह दी गई. सीएम ने कहा कि प्रदेश के हर घर में ऐसे उत्पाद तैयार हो सकते हैं. इसी सोच के साथ सरकार ‘एक जिला, एक व्यंजन’ योजना को आगे बढ़ा रही है. इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक स्वाद को पहचान दिलाना है.

