लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है. कई जिलों में कोहरा भी छाने लगा है. गुरुवार सुबह लखनऊ, संभल, श्रावस्ती और देवरिया समेत 10 शहरों में धुंध दिखाई दी. श्रावस्ती में दृश्यता 10 मीटर से भी कम रह गई. दूसरी ओर पश्चिमी यूपी के एनसीआर वाले जिलों में प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है. गाजियाबाद, हापुड़ और बागपत की हवा भी रेड जोन में है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दिवाली वाले हफ्ते में ठंड और बढ़ सकती है.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ में सिगरेट पीकर सो गया युवक, माचिस की तीली से घर में लगी आग; नानी भी फंसीं

10 शहरों में कोहरा, श्रावस्ती में विजिबिलिटी 10 मीटर से कम

गुरुवार सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहा. श्रावस्ती में घना कोहरा होने से सड़कों पर देखना मुश्किल हो गया. लखनऊ और वाराणसी में भी सुबह हल्की धुंध रही. हालांकि, धूप निकलने के बाद कई जगह मौसम साफ हो गया. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में सुबह कोहरे का असर बढ़ सकता है.

नोएडा समेत चार जिलों की हवा रेड जोन में

पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ और बागपत में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है. नोएडा का AQI 400 के पार पहुंच गया. हालात को देखते हुए पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रेप)-2 लागू किया गया है. इसके तहत सड़कों पर पानी का छिड़काव, खुले में कचरा जलाने पर रोक और धूल फैलाने वाले कामों पर निगरानी बढ़ाई गई है. कोयला और लकड़ी से चलने वाले तंदूर पर भी पाबंदी लगाई गई है.

दिवाली वाले हफ्ते में और बढ़ेगी ठंड

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक, दिवाली वाले हफ्ते में तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं. सुबह कोहरा बना रह सकता है. सुबह और शाम की ठंडक भी बढ़ेगी. फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है.

इसे भी पढ़ें- पढ़ाई भी, जिम्मेदारी भी: यूपी के सरकारी डॉक्टरों के लिए नई गाइडलाइंस जारी, जानिए पूरी अपडेट

वाराणसी सबसे गर्म, हरदोई में सबसे ठंडी रात

5 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. यहां अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हमीरपुर में 32.2 और बहराइच में 32 डिग्री तापमान रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान हरदोई में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मुजफ्फरनगर में 14.5 और बरेली में 15 डिग्री तापमान रहा.

मिर्जापुर में कोहरे के असर को देखते हुए रेलवे ने बरवाडीह-चुनार पैसेंजर समेत कई ट्रेनों को तीन महीने के लिए निरस्त किया है. बरवाडीह-चुनार पैसेंजर 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक चोपन से चुनार के बीच नहीं चलेगी.