लखनऊ. राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में एक युवक की छोटी सी लापरवाही से पूरा घर आग की चपेट में आ गया. युवक ने सिगरेट जलाने के बाद जलती माचिस की तीली कमरे में फेंक दी. तीली सीधे बिस्तर पर जा गिरी. धीरे-धीरे बिस्तर सुलगने लगा और फिर आग भड़क गई. उस समय युवक सो चुका था. आग की गर्मी महसूस होने पर वह बिस्तर से उतरकर फर्श पर सो गया.

घर में उसकी 90 वर्षीय नानी भी मौजूद थीं. पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने दोनों को बाहर निकाला. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी. हालांकि, घर का ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया.

इसे भी पढ़ें- पढ़ाई भी, जिम्मेदारी भी: यूपी के सरकारी डॉक्टरों के लिए नई गाइडलाइंस जारी, जानिए पूरी अपडेट

दूसरी मंजिल पर लगी आग

घटना सरोजनीनगर के आजादनगर की है. अमीनाबाद निवासी अरुण अस्थाना का यहां दो मंजिला मकान है. मकान के ऊपरी हिस्से में उनके बेटे हरि और संजय उर्फ सैम रहते हैं. अरुण की 90 वर्षीय सास अरुणा श्रीवास्तव भी इसी मकान में रहती हैं. गुरुवार 5 नवंबर की शाम करीब सात बजे संजय दूसरी मंजिल के कमरे में सिगरेट पी रहे थे.

माचिस की तीली बिस्तर पर गिरी

पुलिस के मुताबिक, संजय ने सिगरेट जलाने के बाद माचिस की तीली कमरे में फेंक दी. इसके बाद वह सिगरेट पीकर सो गए. तीली बिस्तर पर गिरने से आग लग गई. धुआं और गर्मी महसूस होने पर वह बिस्तर से उतरकर फर्श पर लेट गए. उन्हें आग की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ.

पड़ोसियों ने दी दमकल को सूचना

घर से धुआं और लपटें निकलती देख पड़ोसी मौके पर पहुंचे. उन्होंने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई. दमकलकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर संजय को बाहर निकाला. उनकी नानी अरुणा श्रीवास्तव को चारपाई सहित सुरक्षित बाहर लाया गया.

इसे भी पढ़ें- यूपी में अकेले दांव खेलने की तैयारी में चिराग पासवान? वाराणसी में दिया ऐसा बयान कि गर्म हुआ सियासी पारा

दो गाड़ियों ने दो घंटे में बुझाई आग

आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दूसरी गाड़ी भी बुलानी पड़ी. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात नौ बजे आग बुझाई जा सकी. इस दौरान दमकलकर्मियों ने कमरे में रखा गैस सिलेंडर भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हादसे में घर का सामान जल गया. पुलिस के अनुसार, नशे की हालत में सिगरेट पीते समय हुई लापरवाही आग लगने की वजह बनी.