केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने वाराणसी में जनसभा के दौरान कहा कि गठबंधन नहीं होने पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतार सकती है. उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधने के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पार्टी की तैयारियों का संकेत दिया.
वाराणसी. केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने गुरुवार को वाराणसी में आयोजित जनसभा में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि यदि गठबंधन को लेकर सहमति नहीं बनती है तो उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. यह जनसभा जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित की गई थी.
403 सीटों पर चुनाव की तैयारी
चिराग पासवान ने कहा कि भारतीय संविधान देश के किसी भी हिस्से से चुनाव लड़ने की आजादी देता है. ऐसे में किसी नेता के दूसरे राज्य में चुनाव लड़ने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि एक नेता की जिम्मेदारी है कि वह अपने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर दे और उन्हें चुनाव लड़ने के लिए टिकट दे, न कि उनके अधिकारों को सीमित करे.
चिराग ने बताया कि उनकी पार्टी का केंद्र में गठबंधन है और बिहार में भी एनडीए सरकार के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है. बिहार में उनके विधायक हैं, जबकि नागालैंड में भी पार्टी के दो विधायक हैं.

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर अभी औपचारिक बातचीत नहीं हुई है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि सहमति बन जाएगी. यदि ऐसा नहीं होता है तो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संभवत: सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.
सपा और कांग्रेस पर निशाना
जनसभा में चिराग पासवान ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने की नहीं है और वह ऐसी राजनीति का समर्थन नहीं करते.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि एक नेता की जिम्मेदारी सेनापति की तरह अपनी टीम का नेतृत्व करने और कार्यकर्ताओं को दिशा देने की होती है.
उन्होंने विपक्षी दलों के प्रदर्शन को लेकर कहा कि उन्हें हार का डर है या अपनी पार्टी के प्रदर्शन की चिंता है. चिराग ने महाराष्ट्र के चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष को आशंका है कि लोकसभा चुनाव में मिले समर्थन के बावजूद विधानसभा चुनाव में जनता उनका साथ नहीं देगी.
काशी के विकास पर बयान
वाराणसी को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि यहां की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की जनता ने जिन लोगों को बनारस के विकास की जिम्मेदारी दी, उन्होंने शहर के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया.
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
जनसभा में पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह नजर आया. एक कार्यकर्ता ने कहा कि बिहार, झारखंड और नागालैंड में पार्टी के हेलीकॉप्टर ने जिस तरह अपना प्रदर्शन दिखाया है, उसी तरह अब वह उत्तर प्रदेश में भी उतर चुका है और विधानसभा चुनाव में पार्टी अपनी ताकत दिखाएगी.
कार्यकर्ता ने कहा कि उनके नेता का प्रभाव पूरे देश में है. उन्होंने मंच से चिराग पासवान द्वारा कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की बात का भी उल्लेख किया.

