कोसली। गांव नेहरूगढ़ में सेना के ऑर्डिनेंस डिपो में कार्यरत एक जवान ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 28 वर्षीय योगेश के रूप में हुई है, जो राजस्थान के बाड़मेर स्थित सेना के ऑर्डिनेंस डिपो में टी-मेट के पद पर तैनात था। वह करीब 25 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात योगेश घर के एक अलग कमरे में सोने चला गया था। बुधवार सुबह करीब 5 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने दरवाजा खोला। कमरे के अंदर योगेश पंखे से लटका हुआ मिला। परिजन तुरंत उसे कोसली के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर नाहड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि योगेश पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था, हालांकि तनाव की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार योगेश की शादी साल 2024 में बैहरमपुर निवासी के साथ हुई थी। उनका करीब सवा साल का बेटा है, जबकि पत्नी गर्भवती हैं। योगेश की मां का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में पिता, दादा-दादी और छोटा भाई है। कोसली थाना एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

