सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्व सांसद आनंद मोहन आज रविवार (28, जून) को मोतिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने जिले में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती सप्ताह कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एक बार फिर से बिहार सरकार पर खुलकर हमला बोला। वहीं, मंत्रिमंडल में उनके बेटे चेतन आनंद को जगह नहीं मिलने पर उनका दर्द भी छलका।
‘गले में पट्टा लेपटकर दिया भौंकने का काम’
आनंद मोहन ने अपने संबोधन के दौरान खुले मंच से कहा कि, चेतन आनंद के लिए सर्वे रिपोर्ट गलत था और जो एक बार चुनाव लड़ी उसे विधायक और मंत्री सब बना दिया गया। उन्होंने अपनी जाती के बिहार से जीते 6 सांसदों पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि, सभी 6 सांसदों को बोलने का मुंह नहीं है। सब अकलोल-बकलोल हैं।
उन्होंने कहा कि, क्या कोई इस लायक नहीं है कि जिसे मंत्री बनाया जा सके। सभी लोगों को किसी न किसी पार्टी का पट्टा गला में लपेट कर भौंकने का काम दिया गया है।
नीतीश और जदयू पर लगातार हमलावर हैं आनंद मोहन
बता दें कि बेटे चेतन आनंद को सम्राट मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से बाहुबली नेता आनंद मोहन अपनी ही पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। बीते दिनों सीतामढ़ी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जदयू को थैली पार्टी बताया था।हालांकि उनकी पत्नी लवली आनंद जदयू से सांसद हैं और बेटे चेतन आनंद विधायक हैं, इसके बावजूद आनंद मोहन ने नीतीश कुमार और पार्टी नेतृत्व पर लगातार तीखा हमला बोल रहे हैं।
निशांत को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने पर कसा था तंज
निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने पर भी आनंद मोहन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। अपने एक बयान में उन्होंने कहा था कि, निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्रालय इसलिए दिया गया है, क्योंकि बाप-बेटे (नीतीश-निशांत) को डॉक्टर की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जदयू में सिर्फ टिकट ही नहीं बिका करोड़ों में मंत्री पद भी बेचा गया है। आनंद मोहन ने यह भी कहा कि जदयू में चांडाल चौकड़ी है, जो मिलकर पार्टी को बर्बाद कर रहा है। हालांकि उन्होंने खुलकर यह नहीं बताया की वह चांडाल चौकड़ी कौन है?
ये भी पढ़ें- मधुबनी के सभी पंचायतों में मना ‘पंचायत विकास दिवस’, लेशी सिंह ने महिला हितैषी पंचायत पर दिया जोर

