Bihar News: पूर्व सांसद आनंद मोहन इस समय अपने बयान को लेकर बिहार की सियासत का केंद्र बने हुए हैं। बीते दिनों सीतामढ़ी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जदयू को थैली पार्टी बताया था। आनंद मोहन के इस बयान को लेकर जदयू के नेता लगातार उनपर हमलावर हैं। वहीं, इस बीच उनका कार्यक्रम से जुड़ा अगला वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने पूर्व सीएम नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है।

बाप-बेटे को इलाज की जरूरत- आनंद मोहन

सामने आए दूसरे वीडियो में पूर्व सांसद आनंद मोहन यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि, निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्रालय इसलिए दिया गया है, क्योंकि बाप-बेटे (नीतीश-निशांत) को डॉक्टर की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जदयू में सिर्फ टिकट ही नहीं बिका करोड़ों में मंत्री पद भी बेचा गया है। आनंद मोहन ने यह भी कहा कि जदयू में चांडाल चौकड़ी है, जो मिलकर पार्टी को बर्बाद कर रहा है। हालांकि उन्होंने खुलकर यह नहीं बताया की वह चांडाल चौकड़ी कौन है?

मैं ललकारने नहीं, सच बताने आया हूं

आनंद मोहन ने कहा कि, ये चांडाल चौकड़ी ने आज जदयू पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। जदयू के साथियों को मैं आज कहने आया हूं, ये नीतीश कुमार का सफाया नहीं है, बल्कि पिछड़ों के राज का सफाया है। आनंद मोहन का कुछ नहीं जाता। ये मैं आपको ललकारने नहीं आया, मैं आपको सच बताने आया हूं।

जदयू को बताया था थैली पार्टी

वहीं, इससे पहले आए वीडियो में आनंद मोहन ने कहा था कि, जदयू अब थैली की पार्टी हो गई है। नीतीश कुमार की मजबूरी का फायदा उठाकर थैली की राजनीति धड़ल्ले से की जा रही है। उन्होंने कहा था कि,  नीतीश कुमार ने जिस दौर से जदयू को बनाने से लेकर यहां लाने तक का काम किया है, आज जाकर देखिये जिंदा उनको दफन कर दिया गया। कहीं पर भी नीतीश कुमार का चेहरा नहीं दिख रहा है। मंच पर शपथ ग्रहण हो रहा था। नीतीश कुमार भी वहां मौजूद थे, 85 एमएलए के साथ व्यक्ति खड़ा था, लेकिन बैनर पोस्टर में उनकी तस्वीर तक नहीं थी।

ये भी पढ़ें- औकात के हिसाब से देखें सपने: तेजस्वी यादव पर बरसे मंत्री संजय टाइगर, विपक्ष को बताया पूरी तरह फेल