Bihar News: मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने हालही में अपने एक बयान में यह कहा था कि उन्होंने नीतीश कुमार के साथ रहकर 9 गो मर्डर किया। अनंत सिंह के इस बयान के सामने आने के बाद सियासी भूचाल मच गया। मोकामा विधायक के इस बयान को लेकर एक तरफ जहां विपक्ष के लोग हमलावर हैं। वहीं, बिहार में एनडीए के साथी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग कर दी है।

मांझी बोले- होनी चाहिए कार्रवाई

अनंत सिंह के बयान पर जीतन राम मांझी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, अगर वह कह रहे हैं कि नीतीश कुमार जी का साथ देने के लिए उन्होंने बहुत मर्डर किया है, तो उन्होंने गलत काम किया है। मांझी ने कहा कि, मामले की जांच होने के बाद इसपर कार्रवाई होनी चाहिए। जदयू का साथ देने के लिए गलत काम को अच्छा नहीं कहा जा सकता है। वहीं, एमएलसी चुनाव को लेकर मांझी ने कहा कि, इससे (अनंत सिंह का बयान) जदयू पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जदयू का उम्मीदवार जीतेगा। एनडीए का उम्मीदवार जीतेगा।

‘कार्रवाई होगा तो, देखा जाएगा’

वहीं, जीतन राम मांझी के कार्रवाई वाले बयान पर अनंत सिंह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। जब उनसे यह सवाल पूछा गया कि मांझी कह रहे हैं कि कार्रवाई होनी चाहिए। इस पर उन्होंने कहा कि, जब कार्रवाई होगा त देखल जाएगा। वहीं, एमएलसी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि, 12 आना वोट मेरा है। चार आना में बाकी 17 कैंडिडेट हैं। गौरतलब है कि अनंत सिंह पटना स्नातक सीट से पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार की बजाय जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं।

हमारा कोई लेना-देना नहीं- प्रशांत किशोर

अनंत सिंह के 9 गो मर्डर किए हैं वाले बयान पर जन सुराज के संस्थापक व विधायक प्रशांत किशोर की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि, अनंत सिंह ने क्या बयान दिया है, यह उनके, उनकी पार्टी और सरकार का मामला है। उन्होंने नीतीश कुमार के बारे में कुछ कहा है, तो नीतीश कुमार की ही पार्टी की सरकार है। सरकार को इसकी जांच करानी चाहिए और अगर कुछ गलत कहा गया है, तो उस पर कार्रवाई करनी चाहिए।हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। अनंत सिंह ने जो कहा, वह सही है या गलत, उसका खंडन या समर्थन करने के लिए सरकार में बैठे लोगों, जेडीयू के प्रवक्ताओं और नेताओं को सामने आकर बोलना चाहिए। हमारा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।

हंगामा बढ़ता देख अनंत सिंह ने दी सफाई

दरअसल अनंत सिंह ने हालही में न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत के दौरान यह कहा था कि, उन्होंने नीतीश कुमार के साथ रहकर 9 गो मर्डर किया। बाद में जब उनके इस बयान ने तूल पकड़ा तो, अनंत सिंह ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि, उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। वे कहना चाहते थे कि लालू यादव ने उनके 9 आदमियों का मर्डर कराया है। लेकिन उनके बयान को तोड़- मरोड़ कर पेश किया गया।

ये भी पढ़ें- कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 की मौत, CM सम्राट, नितिन नबीन और तेजस्वी ने जताया दुख