कुंदन कुमार, पटना। कोलकाता के चोरबागान इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 25 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से 24 की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने दुख जताया है।
नितिन नबीन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई जनहानि की दुखद घटना से मन अत्यंत व्यथित है। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें। उन्होंने बताया कि, प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है।
सीएम सम्राट और तेजस्वी ने भी जताया दुख
घटना पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने भी दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, कोलकाता के चोरबागान के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की हृदयविदारक घटना में 17 मौतों की खबर से मन व्यथित है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, शोकाकुल परिजनों को दुखद घड़ी में संबल दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
कैसे हुआ हादसा?
दरअसल दुर्गा पूजा के दौरान शहर में विभिन्न जगहों पर भव्य पंडालों और मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। सप्तमी की शाम भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ मां दुर्गा के दर्शन व पूजन को पंडालों में पहुंची। कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में भी भारी संख्या में भक्त पहुंचे हुए थे। इस बीच शाम 7:40 बजे अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए पंडाल के बाहर खड़े लोग अंदर की तरफ तेजी से बढ़े, जिससे धक्का-मुक्की और भगदड़ का माहौल बन गया। भारी भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच कई लोग नीचे गिर गए और लोग उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
12 लोग हिरासत में, मुआवजे और नौकरी का ऐलान
घटना के बाद पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इनमें चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल समूह में पूजा आयोजक, स्वयंसेवक और अन्य लोग शामिल हैं। घटना पर पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने दुख जताते हुए कहा कि, बहुत दुखद घटना है। बारिश हो रही थी। अस्पताल में 17 लोग मृत लाए गए थे। बाद में 2 और की मृत्यु हो गई। 25 घायल हैं, 24 खतरे से बाहर हैं, 1 की हालत गंभीर है।
उन्होंने कहा कि, सरकार की ओर से हम काम कर रहे हैं। मुआवजे की घोषणा की गई है। मैंने 13 पीड़ित परिवारों से बातचीत की है। सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी। कल हमारे जितने भी कार्यक्रम थे हमने रद्द किए। मृतकों को परिवारों को 25 लाख का मुआवजा और 1 सदस्य को नौकरी दी जाएगी। घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: दिन में गर्मी, सुबह-शाम ठंड! जानें दुर्गा पूजा-दशहरा पर कैसा रहेगा मौसम?

