कुंदन कुमार, पटना। बिहार के मोकामा से विधायक बाहुबली अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की आगामी 25 नवंबर को होने वाली शादी को बेहद खास और यादगार बनाने की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हैं। शादी के लिए तैयार किए गए आकर्षक और अनोखे निमंत्रण कार्ड को अनंत सिंह ने खुद मीडिया के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने दोस्तों, समर्थकों और तमाम खास-ओ-आम को खुद जाकर न्योता देंगे।
पीएम मोदी से लेकर पाकिस्तान तक न्योता
अनंत सिंह ने बताया कि वह खुद दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शादी का निमंत्रण देंगे। इसके अलावा नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सहित पक्ष और विपक्ष के तमाम छोटे-बड़े नेताओं को आमंत्रित किया जा रहा है। अनंत सिंह ने हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि हिंदुस्तान से लेकर पाकिस्तान तक, जो भी इस शादी में शामिल होना चाहता है, उसका दिल से स्वागत है। आयोजन में किसी भी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं होगा।

लदमा गांव में 4 लाख लोगों की दावत
अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में भव्य मंडप का निर्माण किया जा रहा है। इस शाही शादी में लगभग 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। मेहमानों के स्वागत और स्वाद के लिए मैन्यू में 150 से अधिक देशी और विदेशी व्यंजनों (वैराइटीज) को शामिल किया गया है।
बॉलीवुड और भोजपुरी सितारों का जमावड़ा
लदमा गांव में सांस्कृतिक रंग जमाने के लिए बॉलीवुड और संगीत जगत के 36 से अधिक दिग्गज कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसमें अभिनेता सोनू सूद, मनोज तिवारी, लोक गायिका मैथिली ठाकुर, अक्षरा सिंह और पावरस्टार पवन सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
विजेता को मिलेगी थार गाड़ी
शादी के समारोह को पारंपरिक और मनोरंजक बनाने के लिए एक विशाल घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी रखा गया है। इसमें प्रथम पुरस्कार जीतने वाले को महिंद्रा थार गाड़ी, दूसरे स्थान पर आने वाले को बाइक और तीसरे स्थान वाले को स्कूटी इनाम में दी जाएगी।
दीपावली न मनाने के सवाल पर बेबाकी से जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वे यह त्योहार नहीं मनाते हैं। फिलहाल पूरा परिवार 25 नवंबर के इस भव्य वैवाहिक कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में लगा है।

