Anant Singh: अनंत सिंह को JDU से निष्कासित किए जाने पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की प्रतिक्रिया सामने आई है। मांझी ने मोकामा विधायक के निष्कासन को पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई बताया और कहा कि, पार्टी के खिलाफ काम करने वाले पर कार्रवाई का अधिकार पार्टी प्रमुख को है। मांझी ने यह भी कहा कि, अनंत सिंह के निष्कासन का आगे क्या असर होगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। किसी भी राजनीतिक दल में अनुशासन जरूरी है। अगर कोई पार्टी के खिलाफ काम करता है, तो पार्टी नेतृत्व कार्रवाई कर सकता है।
समीक्षा के बाद होगी कार्रवाई- प्रेम कुमार
वहीं, अनंत सिंह को JDU से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, मैं अखबारों, दैनिक समाचार पत्रों में देख चुका हूं कि जनता दल(यू) के द्वारा अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला गया है लेकिन बिहार विधानसभा कार्यालय पर भी इस संदर्भ में कोई पत्र प्राप्त नहीं है। पत्र प्राप्त होने के बाद समीक्षा की जाएगी और प्रक्रिया के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
एक्शन के बाद से सियासी बयानबाजी जारी
अनंत सिंह को निष्कासित करने के बाद से बिहार की सियासत गर्म हो चुकी है। पार्टी ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी एवं पूर्व विधायक नीलम देवी की प्राथमिक सदस्यता रद्द करने के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष से मोकामा विधायक की सदस्यता (विधानसभा) रद्द करने की भी अनुशंसा की है। इस घटनाक्रम को लेकर सियासी बयानबाजी भी जारी है।
इस बीच केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह आज रविवार को मुख्यमंत्री आवास में सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की है। दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई है। इस मुलाकात को लेकर सियासी हलचल पहले से और तेज हो गई है।
नीरज कुमार का किया था विरोध
गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को संपन्न हुए एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जाकर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे थे। चुनाव के दौरान कई बड़े नेताओं ने उन्हें समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। ऐसे में चुनाव संपन्न होने के बाद कल 24 अक्टूबर जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में यह कार्रवाई की है।
ये भी पढ़ें- पटना में ‘मोदी नहीं जाएगा’ का नारा सुन भड़के खरगे, मंच से बोले- ‘मोदी का बाप भी जाएगा’

