कुंदन कुमार, पटना। बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर जदयू के अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहा मामला पार्टी के संज्ञान में है। उन्होंने साफ किया कि यह मामला केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पार्टी ने ललन सिंह से इस मुद्दे पर बातचीत की है और उन्हें ही दोनों नेताओं के बीच बातचीत कर मामले को सुलझाने की जिम्मेदारी दी गई है।
‘छोटे सरकार’ को मनाएंगे ललन सिंह
संजय झा ने यह उम्मीद जताई कि ललन सिंह दोनों नेताओं से बात करके इस विवाद का कोई रास्ता जरूर निकालेंगे। संजय झा के इस बयान के बाद जेडीयू की रणनीति को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अब तक जिस विवाद को लेकर पार्टी के भीतर लगातार बातचीत और मैनेजमेंट की कोशिशें चल रही थीं, उसमें अब ललन सिंह को आगे किया गया है। यानी अब इस पूरे मामले में अगली बड़ी भूमिका ललन सिंह की रहने वाली है। पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें साफ तौर पर कहा गया है कि वह अपने क्षेत्र से जुड़े इस मामले को दोनों पक्षों से बातचीत करके जल्द सुलझाने की कोशिश करें।
पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने दिया टास्क
सूत्रों के मुताबिक ललन सिंह को नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच जारी विवाद को सुलझाने का यह टास्क पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने दिया है। दरअसल ललन सिंह का संसदीय क्षेत्र मुंगेर (बाढ, मोकामा) होने के नाते उन्हें इस विवाद को सुलझाने के लिए कहा गया है।
साथ ही ललन सिंह अनंत सिंह के काफी करीबी माने जाते हैं। गौरतलब है कि बिहार चुनाव के दौरान जब अनंत सिंह जेल चले गए थे, तो उस समय ललन सिंह ने उनकी जगह कमान संभालते हुए मोकामा में घूम-घूम कर अनंत सिंह के लिए प्रचार किया था। हालांकि अब यह देखने वाली बात होगी की क्या ललन सिंह अनंत सिंह को मना पाने में कामयाब हो पाते हैं की नहीं?
नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं अनंत सिंह
दरअसल बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर चुनाव होना है। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर हो रहा है, जहां पर मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बागी रूप धारण करते हुए अपनी ही पार्टी के लिए ही मुसीबत खड़ी कर दी है। अनंत सिंह कई मौकों पर यह खुलकर कह चुके हैं कि वे नीरज कुमार को चुनाव हराकर रहेंगे। इसके पीछे उनका कहना है कि नीरज कुमार ने भी उनका विरोध किया था।
वह जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार की बजाय जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह का खुला समर्थन कर रहे हैं, जिससे पार्टी पर भी सवाल उठ रहा है। अनंत सिंह कल गुरुवार को अनुज सिंह के नामांकन में भी पहुंचे थे। हालांकि अब इस मामले को सुलझाने की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दी गई है।
ये भी पढ़ें- पटना में गांधी जयंती पर राजकीय समारोह का आयोजन, राज्यपाल और CM सम्राट ने बापू को दी श्रद्धांजलि

