कुंदन कुमार, पटना। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए और बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बिहार एंव देश भक्ति गीतों का आयोजन

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री विजय सिन्हा, रामकृपाल यादव सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं और समाजिक कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गाधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत्-शत् नमन किया एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्र गान, बिहार गीत एवं देश भक्ति गीतों का गायन भी किया गया। सीएम सम्राट ने गांधी जी की वेशभूषा में पधारे सुरेश कुमार हज्जू से भी मुलाकात की।

लाल बहादुर शास्त्री को भी दी श्रद्धांजलि

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने और श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम सम्राट चौधरी एवं राज्यपाल सैयद अता हसनैन शास्त्रीनगर पार्क पहुंचे, जहां स्थापित पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उनकी जीवनी से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। गौरतलब है कि आज 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी के साथ लाल बहादुर शास्त्री की भी जयंती है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्र गान, बिहार गीत एवं देश भक्ति गीतों का गायन भी किया गया।

44 कैदियों को रिहा करेगी बिहार सरकार

बिहार सरकार ने आज 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर एक बड़ा फैसला लिया है। सीएम सम्राट की सरकार ने गांधी जयंती के अवसर पर राज्य के अलग-अलग जेलों में बंद 44 कैदियों को रिहा करने का फैसला लिया है। बता दें कि जिन 44 कैदियों को जेल से रिहा करने का फैसला लिया गया है, इसमें ज्यादातर ऐसे कैदी हैं, जो लंबे समय से सजा काट रहे हैं। वहीं, कुछ कैदी ऐसे भी हैं, जो उम्रदराज होने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी में जिउतिया स्नान के दौरान बड़ा हादसा, पोखर में डूबने से 4 बच्चियों की मौत, पसरा मातम