कुंदन कुमार, पटना। बिहार की सियासत में एक बार फिर सेवानक बड़ा भूचाल आ गया है। मोकामा के बाहुबली और जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने आज अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधान पार्षद नीरज कुमार के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके यह स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में नीरज कुमार का खुल्लमखुल्ला विरोध करेंगे। अनंत सिंह के इस तीखे रुख से राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है।

​जनसुराज उम्मीदवार को समर्थन का किया ऐलान

​आज मोकामा विधायक अनंत सिंह ने प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जनसुराज’ के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अधिकृत उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि अनुज कुमार सिंह का नामांकन आगामी 1 अक्टूबर को तय किया गया है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह खुद क्षेत्र में धरातल पर उतरकर अनुज सिंह के पक्ष में सघन प्रचार करेंगे और उनके लिए वोट मांगेंगे।

​पार्टी में सबकुछ ठीक, यह निजी लड़ाई

​इस दौरान जब पार्टी के भीतर आंतरिक कलह को लेकर सवाल किए गए, तो अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि पार्टी के अंदर कोई विरोध या मतभेद नहीं है और उनकी पार्टी पूरी तरह ठीक है। उन्होंने साफ कहा कि नीरज कुमार के साथ उनका विवाद पूरी तरह से व्यक्तिगत है। नीरज कुमार ने उनके साथ व्यक्तिगत तौर पर क्या-क्या किया है, यह बात राज्य के सभी लोग अच्छी तरह जानते हैं। इसी निजी रंजिश के चलते उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर नीरज कुमार को हराने का कड़ा फैसला किया है।
​अनंत सिंह के इस बगावती तेवर और जनसुराज के उम्मीदवार को सीधे समर्थन देने के ऐलान से यह चुनाव अब बेहद दिलचस्प हो गया है। 1 अक्टूबर को होने वाले नामांकन के बाद शुरू होने वाला प्रचार अभियान बिहार की राजनीति में नए समीकरण तय कर सकता है।