पटना। मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के एमएलसी प्रत्याशी अनुज कुमार के समर्थन में एक बड़ा रोड शो निकाला। यह रोड शो लगभग 70 किलोमीटर लंबा था, जो बाढ़ विधानसभा के सबनीमा से शुरू होकर मोकामा विधानसभा के बाहापर तक पहुंचा।

​काफ़िले में शामिल थीं 50 गाड़ियां और 400 समर्थक

​इस रोड शो के दौरान अनंत सिंह के काफ़िले में करीब 50 गाड़ियां और 400 से ज्यादा समर्थक मौजूद थे। सफर की शुरुआत पटना आवास से हुई, जिसके बाद काफ़िला बख्तियारपुर पहुंचा और वहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
​बाढ़ कचहरी चौक पर स्वागत के लिए एक हाथी खड़ा किया गया था। वहीं NH-31 के किनारे 11 जेसीबी लाइन से खड़ी की गई थीं, जिनकी मदद से समर्थकों ने अनंत सिंह पर फूल बरसाए। रास्ते में उन्होंने मां दुर्गा के पूजा पंडालों में जाकर आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान पंडारक के पास पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से लगभग 10 गाड़ियों की चेकिंग भी की।

​जमानत जब्त करवा दूंगा, अनंत सिंह का खुला ऐलान

​रोड शो के दौरान अनंत सिंह अपने जाने-पहचाने आक्रामक अंदाज में नजर आए। जब उनसे जदयू नेता नीरज कुमार के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मेरी सीधी लड़ाई नीरज से है और मैं उनकी जमानत जब्त करवा दूंगा।
​वहीं, जब उनसे यह पूछा गया कि निशांत, नीरज कुमार के लिए प्रचार कर रहे हैं, तो अनंत सिंह ने कहा कि निशांत पार्टी के मालिक हैं और वे कहीं भी जा सकते हैं। संजय झा के इस बयान पर कि ‘समय आने दीजिए, सब फैसला होगा’, अनंत सिंह ने जवाब दिया कि समय आने दीजिए, सब लोग देख लेंगे कि क्या फैसला होता है।

​नीरज कुमार का पलटवार

​अनंत सिंह के इस बयान के बाद जदयू नेता नीरज कुमार ने भी तीखा हमला बोला। नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि वे ‘मूर्ख मार्तंड’ हैं और हम उनसे ज्यादा बात नहीं करते। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह का दिमाग नर्वस हो गया है और वे तनाव में हैं, इसलिए उन्हें कार्यकर्ता भी नहीं मिल रहे हैं।
​निशांत कुमार के मुद्दे पर बोलते हुए नीरज ने कहा कि निशांत को किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है। पार्टी और बिहार के राजनीतिक नेतृत्व ने उन्हें उनके पिता की विरासत के उत्तराधिकारी के रूप में स्वीकार कर लिया है।