कुंदन कुमार, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पटना के प्रसिद्ध डाक बंगला चौराहा स्थित मां दुर्गा के पूजा पंडाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जगत् जननी मां दुर्गा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। लालू प्रसाद यादव के आगमन की खबर मिलते ही डाक बंगला चौराहे पर समर्थकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बेटी मीसा भारती और रोहिणी आचार्य भी रहीं मौजूद
इस धार्मिक अवसर पर लालू प्रसाद यादव अकेले नहीं थे, बल्कि उनके साथ उनकी दोनों बेटियां सांसद डॉ. मीसा भारती और रोहिणी आचार्य भी मौजूद थीं। पूरे परिवार ने एक साथ मां शेरावाली के चरणों में माथा टेका और प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान पंडाल समिति के सदस्यों ने लालू यादव और उनके परिवार का भव्य स्वागत किया।


समर्थकों में दिखा उत्साह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
लालू प्रसाद यादव को अपने बीच पाकर पंडाल परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और राजद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन और आयोजकों की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि आम लोगों और श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो। पूजा-अर्चना के बाद लालू प्रसाद यादव ने सभी देशवासियों और बिहारवासियों को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

