Anant Singh: बिहार एमलएसी चुनाव में पटना स्नताक सीट से जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार की तबीयत खराब होने पर पार्टी विधायक और उनके विरोधी अनंत सिंह ने तंज कसा है। मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि, नीरज कुमार की यह पुरानी आदत है, जब बूथ पर पैसा भेजना होगा तो वह बीमार हो जाएंगे और अस्पताल में भर्ती हो जाएंगे। फिर दो घंटे बाद ठीक होकर आ जाएंगे। मोकामा विधायक के इस बयान से सियासी हलचल एक बार फिर से तेज हो गई है।

’18 साल हमको बेमतलब का गाली दिया’

वहीं, एमएलसी चुनाव से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, वो सब मुझे कुछ नहीं पता है। मैं सिर्फ इतना जानता हूं कि मेरी लड़ाई नीरज जी से है और पार्टी से कोई लड़ाई नहीं है। मैं नीरज जी को हराऊंगा। जनता से माफी मांगते हैं, भगवान से माफी मांगते हैं कि कैसे भी घमंडी आदमी को हराइए। 18 साल तक इस आदमी (नीरज कुमार) ने हमें बेमतलब का गाली दिया है। पूछने पर बोलते थे की आपका नाम लेंगे तो छोटा नेता रह जाएंगे। हमको बड़का नेता बनना है। वहीं, मोकामा में FIR दर्ज होने पर उन्होंने कहा, मैं कह तो रहा हूं कि हुआ है। पहले DSP का नाम कम लोग जानते थे, अब ज्यादा लोग जान जाएंगे।

वे केवल नाटक कर रहे हैं- अनंत सिंह

इस दौरान अनंत सिंह जदयू अध्यक्ष और नीतीश कुमार को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि, कुछ लोग बता रहे हैं कि नीतीश कुमार (नीरज कुमार से मिलने अस्पताल) गए थे लेकिन कोई नहीं गया है। यह सब उनका खेल है… न वे (नीरज कुमार) बीमार हैं, न उन्हें बुखार है। कुछ नहीं हुआ है। ये केवल नाटक है। नीतीश कुमार सभी के गुरु हैं। उन्हें इस (बिहार MLC)चुनाव से कोई मतलब नहीं है, जनता मालिक है। जिसे वोट दिया जाएगा, वही जीतेगा। नीतीश कुमार न उनकी (नीरज कुमार) ओर हैं और न मेरी ओर हैं।

मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज

बता दें कि सिवान में दुर्गा पूजा के दौरान 19 अक्टूबर को अचानक नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ गई थी, उन्हें हार्ट से संबंधित समस्या आई थी, जिसके बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। सीएम सम्राट चौधरी और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कल 20 अक्टूबर मंगलवार को अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

गौरतलब है कि अनंत सिंह पटना स्नातक सीट से जदयू विधानपार्षद और मौजूदा उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं। मोकामा विधायक इस सीट पर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में लगातार प्रचार प्रसार और उनकी जीत का दावा कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- 8 सीटें, 164 उम्मीदवार…बिहार MLC चुनाव में प्रचार का आखिरी दिन आज, जीत-हार से आगे निकली सियासी लड़ाई