Bihar MLC Elections: बिहार 8 सीटों पर होने वाले MLC चुनाव के लिए आज बुधवार (21, अक्टूबर) को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। घड़ी में शाम के 5 बजते ही चुनावी प्रचार का शोर थम जाएगा। ऐसे में सभी दल के प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। कोई घर-घर जाकर वोट मांग रहा है, तो कोई फोन कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए अपनी बात उनतक पहुंचा रहा है।
इस बीच पटना स्नातक सीट से जदयू प्रत्याशी और मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने से भी राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालही में सीएम सम्राट चौधरी और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने अस्पताल में जाकर उनका हालचाल जाना है।
सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं रहा चुनाव
इस बार का MLC चुनाव सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं रह गया है। चुनाव का परिणाम आने पर एनडीए की एकजुटता, महागठबंधन का तालमेल और जन सुराज की ताकत का अंदाजा भी लग जाएगा। इसके साथ ही बिहार की राजनीति किस दिशा में आगे जा रही है, इसका भी पता चल सकेगा। गौरतलब है कि 8 सीटों पर हो रहे चुनाव में एक ही सीट पर कई अलग-अलग दलों के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। वहीं, कई सीटों पर महागठबंध के प्रत्याशी भी आमने-सामने हैं।
अनंत सिंह ने बढ़ाई नीरज कुमार की टेंशन
वहीं, पटना के स्नातक सीट पर जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार का पार्टी के विधायक अनंत सिंह खुलकर विरोध कर रहे हैं। चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि क्या अनंत सिंह के विरोध करने पर नीरज कुमार अपनी सीट बचाने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं? इस सीट पर उनका सामना जन सुराज के अनुज सिंह से है। वहीं, राजद के दिलीप कुमार और कांग्रेस के असदुल्लाह खान भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
इसी बीच नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन इस घटनाक्रम ने पटना स्नातक सीट को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को और बढ़ा दिया है।
दरभंगा स्नातक सीट पर सबसे अधिक 40 उम्मीदवार
बिहार MLC चुनाव के लिए 164 उम्मीदवार मैदान में है। इनमें से दरभंगा की स्नातक सीट के लिए सबसे अधिक 40 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, पटना 22, तिरहतु में 20 और कोसी से 60 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। जबकि शिक्षक निर्वाचन सीट के लिए पटना से सबसे अधिक 22 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इसके बाद सारण से 19, दरंभगा से 14 और तिरहुत से 11 प्रत्याशी मैदान में अपना दमखम पेश कर रहे हैं।
4-4 सीटों पर लड़ रही है जदयू भाजपा
बता दें कि बिहार की 8 MLC सीटों पर होने वाले चुनाव में से जदयू और बीजेपी साथ में 4-4 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय को टिकट दिया है। भाजपा ने पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रसाद सिंह, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और कोशी स्नातक से डॉ एन. के को अपना उम्मीदवार बनाया है।
महागठबंधन के कई उम्मीदवार आमने-सामने
MLC चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन में भी उठा-पठक की राजनीति देखने को मिली है। दरअसल 8 सीटों में राजद ने 7 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस 5 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। वहीं, CPI ने 2, CPM और CPIML ने 1-1 कैंडिडेट मैदान में उतारा है। ऐसे में विपक्ष के अलावा लगभग सभी सीट पर महागठबंधन के प्रत्याशी खुद आमने-सामने होंगे।
सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जन सुराज
बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से श्यामनंद यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है। एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। वहीं, 27 तारीख को चुनाव का परिणाम सामने आएगा।
23 अक्टूबर को होना है मतदान
बिहार MLC चुनाव के लिए 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होना है। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 164 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरे राज्य में 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- बिहारशरीफ के दशहरा मेले में उमड़ा जनसैलाब, देर रात से सुबह तक सड़कों पर दिखी रौनक

