वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के बिहारशरीफ मुख्यालय में दशहरा मेले की रौनक देखते ही बन रही है। दशमी की देर रात से लेकर अहले सुबह तक शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य पूजा पंडाल, आकर्षक झांकियां और मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमाओं ने लोगों का मन मोह लिया। शहर में ऐसा उत्सवी माहौल देखने को मिला कि पूरा बिहारशरीफ रोशनी से जगमगाता नजर आया।
आपको बता दें कि बिहारशरीफ में दुर्गा पूजा और दशहरा मेले को लेकर हर साल खास उत्साह देखने को मिलता है। दशहरा के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाता है। आकर्षक पंडालों और शानदार झांकियों के बीच मां दुर्गा की एक से बढ़कर एक खूबसूरत प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। सजा-धजा बिहारशरीफ शहर मानो दुल्हन की तरह नजर आता है।

इस बार मेले में भूत महल और भैंसासुर से जुड़ी थीम पर तैयार मां काली की प्रतिमा लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही। इन आकर्षक प्रस्तुतियों को देखने के लिए शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग पहुंचे। लोग परिवार के साथ मेले का आनंद लेते और मां के दर्शन करते नजर आए।

सातवीं पूजा से लेकर दशमी तक तीन दिवसीय मेले के दौरान उत्सव का माहौल बना रहा। दशमी की रात श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई। देर रात के बाद भी लोगों का आना-जाना जारी रहा और अहले सुबह तक शहर में भारी भीड़ देखने को मिली। पूजा पंडालों की सजावट, रोशनी और झांकियों ने मेले की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। बिहारशरीफ का दशहरा मेला आस्था, परंपरा और उत्सव का शानदार संगम बनकर सामने आया। मां दुर्गा के दर्शन और भव्य सजावट को देखने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
ये भी पढ़ें- दुर्गा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं, बाइक खड़ी करने के विवाद में अधेड़ की गोली मारकर हत्या

