Anant Singh News: गोपालगंज में हथियार लहराते हुए वायरल वीडियो मामले में मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। दरअसल पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए अनंत सिंह को उनके लाइसेंसी हथियारों के वेरिफिकेशन के लिए 48 घंटे समय दिया है। जदयू विधायक को 15 मई को मीरगंज थाने में उपस्थित होकर अपने हथियारों की वैधता साबित करनी होगी।
15 मई को कोर्ट में होनी है सुनवाई
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने भी कड़ा रुख अपनाया है। कल 12 मई को हुई मामले की पहली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुलिस से विस्तृत केस डायरी की मांग की है। इसके साथ ही कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 15 मई की तिथि निर्धारित की है। गौरतलब है कि 15 मई को इस मामले में जहां कोर्ट की सुनवाई होनी है। वहीं, दूसरी ओर 15 मई को ही अनंत सिंह को मीरगंज थाने में हथियारों का सत्यापन कराना है।
उपनयन संस्कार में शामिल हुए थे अनंत सिंह
बता दें की पूरी घटना बीते 2 मई की है, जब अनंत सिंह मुखिया गुड्डू राय के बेटे के उपनयन संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव पहुंचे थे। इस दौरान उनके स्वागत में जैसे ही जातीय वर्चस्व को बढ़ावा देने वाला भोजपुरी गाना ‘रंगदार के भतार भूमिहार जी’ बजाया गया, उनके समर्थक गानों पर झूमते और खुलेआम हथियार लहराते हुए नजर आए।
विधायक समेत 9 के खिलाफ नामजद FIR
घटना से जुड़े कई वीडियो और भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। कार्यक्रम में कई महिला डांसरों को भी बुलाया गया था। जो अलग-अलग गाने पर डांस कर रही थी। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एसपी विनय तिवारी नें हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता को जांच का निर्देश दिया था, जिसके बाद पुलिस ने मामले में कार्यक्रम के आयोजक, विधायक अनंत सिंह और सिंगर गुंजन सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
ये भी पढ़ें- सम्राट सरकार का बड़ा फैसला, बिहार के इन 8 जिलों होगा अत्याधुनिक थाना भवनों का निर्माण

