ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता एंडी बर्नहम देश के अगले प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। प्रधानमंत्री पद के लिए पार्टी नेतृत्व के नामांकन के पहले ही दिन उन्हें लेबर पार्टी के 403 सांसदों में से 322 सांसदों का समर्थन मिल गया है। अब तक किसी अन्य नेता ने पार्टी प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया है, जबकि कई अन्य सांसदों ने भी सोमवार को बर्नहम के समर्थन में मतदान करने की घोषणा की है।
20 जुलाई को ले सकते हैं प्रधानमंत्री पद की शपथ
लेबर पार्टी के नेता पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित है। यदि कोई अन्य मजबूत दावेदार सामने नहीं आता, तो 17 जुलाई को बर्नहम को औपचारिक रूप से लेबर पार्टी का नया नेता चुना जा सकता है। इसके बाद 20 जुलाई को उनके ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने की संभावना है। इस बीच पूर्व जूनियर रक्षा मंत्री अल कार्न्स ने भी स्पष्ट कर दिया है कि वे बर्नहम के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ेंगे।
कौन हैं एंडी बर्नहम?
7 जनवरी 1970 को लिवरपूल में जन्मे एंडी बर्नहम का बचपन वारिंगटन के निकट एक गांव में बीता। उनके पिता इंजीनियर और मां रिसेप्शनिस्ट थीं। युवावस्था में वे लैंकाशर स्कूलबॉय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रहे और संगीत में भी उनकी विशेष रुचि रही। उन्होंने कैंब्रिज विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य की पढ़ाई की तथा राजनीति में आने से पहले व्यापारिक पत्रिकाओं में पत्रकार के रूप में भी कार्य किया।
15 साल की उम्र में शुरू हुआ राजनीतिक सफर
बर्नहम केवल 15 वर्ष की उम्र में लेबर पार्टी से जुड़ गए थे। 20 वर्ष की आयु में उन्होंने सांसद टेसा जोवेल के लिए रिसर्चर के रूप में काम किया और बाद में तत्कालीन संस्कृति सचिव क्रिस स्मिथ के विशेष सलाहकार बने। वर्ष 2001 में उन्होंने ग्रेटर मैनचेस्टर से पहली बार सांसद का चुनाव जीता। इसके बाद वे संस्कृति, स्वास्थ्य, मीडिया और खेल जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। हाल ही में मेकरफील्ड उपचुनाव जीतकर उन्होंने संसद में वापसी की।
सात साल में ब्रिटेन को मिलेगा छठा प्रधानमंत्री
22 जून को कीर स्टार्मर ने स्थानीय चुनावों में खराब प्रदर्शन, आर्थिक नीतियों को लेकर बढ़ते असंतोष और अवैध प्रवासन जैसे मुद्दों पर बढ़ते दबाव के बीच प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे दिया था। यदि एंडी बर्नहम प्रधानमंत्री बनते हैं, तो ब्रिटेन को पिछले सात वर्षों में छठा प्रधानमंत्री मिलेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

