० एक सप्ताह में व्यवस्था सुधारने का विभाग ने दिया लिखित आश्वासन, नहीं हुआ समाधान तो अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
अजय सैनी, भिवानी। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, कम वोल्टेज और बार-बार आने वाले फॉल्ट से परेशान भिवानी के सेक्टर-13, न्यू हाउसिंग बोर्ड, ईडब्ल्यूएस और सेक्टर-23 के लोगों का सब्र सोमवार को टूट गया। नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन विजय पंचगावा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने सेक्टर-13 स्थित 33 केवी बिजली सब-स्टेशन पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग के उपमंडल अभियंता (एसडीओ) अंकित मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद फिलहाल प्रस्तावित धरना स्थगित कर दिया गया।
विजय पंचगावा ने कहा कि क्षेत्रवासी किसी टकराव के पक्षधर नहीं हैं, बल्कि केवल अपनी मूलभूत सुविधाओं का स्थायी समाधान चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 19 जून को अधीक्षक अभियंता और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने तथा उपायुक्त के निर्देश जारी होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ। इसी कारण लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर जर्जर बिजली तारों को बदलने, पेड़ों की छंटाई, तकनीकी कर्मचारियों की कमी दूर करने और अन्य जरूरी कार्य पूरे नहीं किए गए, तो अगले सप्ताह से कम्युनिटी सेंटर अथवा बिजली सब-स्टेशन पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे क्षेत्र में जर्जर और लटके हुए बिजली तारों को तत्काल बदला जाए, बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की नियमित छंटाई हो, सब-स्टेशन पर पर्याप्त तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति की जाए, अलग बिजली बीट बनाई जाए तथा ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बिजली कटौती या फॉल्ट की स्थिति में उपभोक्ताओं को समय पर सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाए।
एसडीओ अंकित ने स्वीकार किया कि क्षेत्र में व्यापक मेंटेनेंस की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कार्य शुरू कर दिया गया है तथा एक सप्ताह के भीतर प्रमुख समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया। साथ ही अंबेडकर पार्क से सिटी स्टेशन मार्ग के बीच डिवाइडर में कट खोलकर मिनी चौक बनाने का आश्वासन देने पर हुडा प्रशासक सुशील कुमार और एक्सईन भूपेंद्र सिंह का धन्यवाद किया। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रदर्शन में समाजसेवी चिरंजीलाल सांवरिया, सत्यवान हसान, मनोहर लाल सरदाना, डॉ. हरज्ञान सिंह ग्रेवाल, करण सिंह श्योराण, शंकर आहुजा, ओमप्रकाश पोपली, अजीत नांदल, राममेहर जांगड़ा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

