० डीजीपी जेल कार्यालय की जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे अतिरिक्त दायित्व
हरियाणा डेस्क। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स हरियाणा के मुख्यालय को नया नेतृत्व मिला है। राज्यपाल असीम कुमार घोष ने अनिल कुमार को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, हरियाणा के स्टेट कमिश्नर (हेडक्वार्टर) की जिम्मेदारी सौंपी है।
लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने अनिल कुमार को वारंट ऑफ अपॉइंटमेंट प्रदान कर सम्मानित किया। वर्तमान में अनिल कुमार डीजीपी जेल, हरियाणा कार्यालय में कार्यरत हैं। वे अपनी मौजूदा विभागीय जिम्मेदारियों के साथ-साथ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स हरियाणा मुख्यालय में स्टेट कमिश्नर का अतिरिक्त दायित्व भी निभाएंगे।
नई जिम्मेदारी के तहत अनिल कुमार युवाओं में चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। उनकी नियुक्ति से संगठन की युवा विकास और समाजसेवा संबंधी गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


