हरियाणा के मंत्री अनिल विज के एक ट्वीट ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। उन्होंने 'कॉकरोच' शब्द का उपयोग करते हुए तीखा तंज कसा, जिस पर अब सोशल मीडिया पर घमासान जारी है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार वजह बना उनका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दिया गया एक तीखा बयान, जिसने सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक नई बहस छेड़ दी है। विज ने अपने पोस्ट में लिखा— “कॉकरोच एक बहुत ही गंदे कीट का नाम है। इसको छोटा बच्चा भी देखकर चप्पल से कुचल देता है। संघर्ष करो, यह प्रजातंत्र है, सबको अधिकार है, परंतु अपना नाम बदल लो।” विज के इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।

दरअसल, हाल के दिनों में हरियाणा की राजनीति में “कॉकरोच” शब्द को लेकर एक अलग तरह की राजनीतिक बहस चल रही है। इसी कड़ी में अनिल विज की यह टिप्पणी सामने आई, जिसे लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने मंत्री के बयान का समर्थन किया, तो कई यूजर्स ने इसे लेकर सवाल भी उठाए।

X पर एक यूजर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “फूल तो कमल का भी सुंदर है, लेकिन हरकतें तो नीच हैं, क्या फायदा नाम बदलने से।” वहीं एक अन्य यूजर RP नाम के अकाउंट से लिखा गया कि “बेरोजगार युवकों की तुलना कॉकरोचों से करने से पहले माननीयों और अधिकारियों को भी सोचना चाहिए था। यह शब्द उन्होंने अपनी मर्जी से नहीं लिया, बल्कि उन पर थोपा गया है।”

इसी बीच एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “साहब फिर एक छोटे से कॉकरोच से बीजेपी वालों का हलक क्यों सूख रहा है? अगर कुछ काम सही से किया होता तो डर नहीं लगता।” वहीं कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक कटाक्ष बताते हुए विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच नई सियासी शब्दावली का हिस्सा करार दिया।

अनिल विज का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हरियाणा की राजनीति में बयानबाजी पहले से तेज है। विज अक्सर अपने बेबाक और सीधे अंदाज के कारण चर्चा में रहते हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। हालांकि, उनके इस बयान पर विपक्ष की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस लगातार तेज होती जा रही है।

अब बड़ा सवाल यही है कि क्या यह बयान सिर्फ एक राजनीतिक तंज था या आने वाले दिनों में इस पर सियासत और गरमाएगी? फिलहाल, X पर “कॉकरोच” को लेकर छिड़ी यह बहस थमती नजर नहीं आ रही।