चंडीगढ़। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर बहुत तीखा हमला बोला है। चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतों ने सोची-समझी साजिश के तहत प्रदर्शन के बीच उपद्रवियों को घुसा दिया है। उनका मकसद सिर्फ मामले को बिगाड़ना और पूरे देश में आग लगाना है।

सोनम वांगचुक के अनशन पर सवाल

मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीधा कटाक्ष करते हुए कहा कि जब सोनम वांगचुक 20 दिनों से ज्यादा समय से अनशन पर बैठे थे, तब राहुल गांधी विदेश घूम रहे थे। उन्होंने कहा कि अब जब माहौल गरमाया है, तो राहुल गांधी को अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने की याद आ गई है। विज ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के पास जाकर धरना देना देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा में बहुत बड़ी सेंध है और ऐसा करने वाले सभी लोगों पर कड़ा मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

पेपर लीक मामलों पर विपक्ष को घेरा

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर बोलते हुए विज ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे हर सत्र से पहले नई डॉक्यूमेंट्री लेकर आ जाते हैं। उन्होंने पुरानी सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष की पिछली सरकारों के समय में भी कई पेपर लीक हुए थे। विज ने चुनौती दी कि विपक्ष पहले अपने पुराने मंत्रियों के इस्तीफे लेकर आए, जो आज बड़े पदों पर बैठे हैं, उसके बाद दूसरों से इस्तीफे की मांग करें।

सरकार निकाल रही है मामले का हल

अनिल विज ने कहा कि सरकार और देश के प्रधानमंत्री इस पूरे मुद्दे पर पहले दिन से बहुत गंभीर हैं और लगातार इसका समाधान निकाल रहे हैं। इसी सकारात्मक पहल के चलते सोनम वांगचुक ने अपना अनशन भी समाप्त कर दिया है। उन्होंने अंत में कहा कि विपक्षी पार्टियां हमेशा हाथ में पेट्रोल का कनस्तर लेकर घूमती हैं और जरा सी चिंगारी मिलते ही पूरे देश में आग लगाने की साजिश रचती हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m