० कहा- प्रधानमंत्री आवास हाई सिक्योरिटी जोन, संसद में उठाएं मुद्दे; NEET पेपर लीक पर भी विपक्ष को दिया जवाब
अंबाला। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा में सेंध लगाने के प्रयास को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
अनिल विज ने कहा कि यदि राहुल गांधी किसी मुद्दे पर चर्चा करना चाहते हैं तो उसके लिए संसद मौजूद है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री आवास हाई सिक्योरिटी जोन है। वहां इस तरह का प्रदर्शन सुरक्षा व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है। कोई भी असामाजिक तत्व इसका फायदा उठा सकता है, इसलिए इस मामले को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।”
प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा मामला संवेदनशील
विज ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा कोई भी मामला बेहद संवेदनशील है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जा सकता।
वहीं, NEET पेपर लीक मामले में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भाजपा नेताओं पर लगाए गए आरोपों पर भी अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सुरक्षा एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से कर रही हैं।
एजेंसियां कर रही हैं निष्पक्ष जाँच
उन्होंने कहा, “यदि किसी के पास कोई ठोस सबूत है तो वह जांच एजेंसियों को सौंपे। एजेंसियां निष्पक्ष जांच कर रही हैं और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।”
अनिल विज के इस बयान के बाद प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए कांग्रेस के प्रदर्शन और NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।


