कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के चोरों का अंजाम रावण जैसा होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। विज ने यह भी कहा कि कानून अपना काम करेगा और भगवान श्रीराम भी ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेंगे।
मंत्री अनिल विज ने पत्रकारों से कहा
मंत्री अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राम मंदिर चढ़ावे के मामले को लेकर आज सबसे ज्यादा शोर वही लोग मचा रहे हैं, जो कभी अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनते नहीं देखना चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग इस घटना की आड़ में सनातन पर कटाक्ष कर रहे हैं और मंदिर का मजाक उड़ाने की कोशिश कर रहे हैं। विज ने कहा कि जिन्हें वास्तव में पीड़ा होनी चाहिए, वे वे लोग हैं जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन के लिए संघर्ष किया था।
राम मंदिर उत्तर प्रदेश में
उन्होंने कहा, “राम मंदिर उत्तर प्रदेश में है। वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। न योगी किसी दोषी को छोड़ेंगे और न ही मोदी। यह चोरी भगवान श्रीराम के मंदिर में हुई है। भगवान राम के साथ पहले भी अन्याय हुआ था, जब माता सीता का हरण रावण ने किया था। उसका परिणाम पूरी दुनिया ने देखा। रावण के घर में अंत में दिया जलाने वाला भी कोई नहीं बचा।”
दोषियों को अदालत से भी सजा मिलेगी
अनिल विज ने कहा कि इस मामले में दोषियों को अदालत से भी सजा मिलेगी, कानून भी अपना काम करेगा और भगवान श्रीराम का न्याय भी उन्हें अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, उनका उद्देश्य दुख प्रकट करना नहीं बल्कि सनातन आस्था पर प्रहार करना है।
राम मंदिर आंदोलन के दिनों को याद करते हुए भावुक
इस दौरान मंत्री विज राम मंदिर आंदोलन के दिनों को याद करते हुए भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं राम मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन किया, गिरफ्तारी दी और 19 दिन तक जेल में रहे। आंदोलन के दौरान पुलिस की लाठियां खाने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण गांठें पड़ गई थीं। उन्होंने बताया कि लगभग तीन वर्ष पहले उन्हें इस चोट के कारण सिर का ऑपरेशन भी कराना पड़ा था। विज ने कहा कि इसलिए उन्हें इस घटना का वास्तविक दुख है, जबकि कुछ लोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस पर बयानबाजी कर रहे हैं।

