सोनीपत। शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में जांच आगे बढ़ी है। बुधवार देर शाम आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम के बाहर अंकित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद सोनीपत निवासी गोगी गैंग के सदस्य भोलू शाहपुरिया ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।
पोस्ट में अंकित पर गैंग के दुश्मनों का साथ देने और गोगी गैंग से जुड़ी घटना पर गाना बनाने का आरोप लगाया गया है। मेरठ जोन के ADC भानु भास्कर के मुताबिक, मामले की जांच के लिए चार टीमें हरियाणा भेजी गई हैं और गोगी गैंग से कनेक्शन खंगाला जा रहा है।
हत्या से करीब एक घंटे पहले अंकित ने डाली थी रील
अंकित ने घटना से करीब एक घंटा पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील पोस्ट की थी। इसमें वह कार में बैठकर ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ गाना गाते नजर आए थे।
इसके बाद शाम करीब 7 बजे जिम से बाहर निकलते समय उन पर हमला हुआ। अंकित शाम करीब 4 बजे अपने घर से करीब 10 किलोमीटर दूर आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम पहुंचे थे। वह रोज की तरह जिम करने गए थे।
स्कॉर्पियो में बैठने की कोशिश के दौरान हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिम से बाहर निकलकर अंकित अपनी स्कॉर्पियो के पास पहुंचे। इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अंकित ने बचने के लिए गाड़ी में बैठने की कोशिश की।
चश्मदीदों का कहना है कि हमलावरों ने झपट्टा मारकर स्कॉर्पियो का गेट खोल दिया और ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 18 राउंड फायर किए गए। तीन गोलियां गाड़ी के अगले शीशे और पांच अंकित के शरीर में लगीं।
चश्मदीदों ने चार हमलावरों के बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से आने की बात कही है। उनके मुताबिक, हमलावर पहले से जिम के बाहर घात लगाकर बैठे थे। पुलिस को वारदात में हरियाणा के शूटर्स के शामिल होने का शक है।
जिम संचालक रवि शर्मा ने बताया कि अंकित करीब एक साल से रोज जिम आते थे। बुधवार को एक्सरसाइज करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकले, गोलियां चलने लगीं। आवाज सुनकर जिम में मौजूद लोग बाहर आए तो अंकित घायल हालत में पड़े थे।
गोगी गैंग के सदस्य ने क्या दावा किया
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर भोलू शाहपुरिया के नाम से एक पोस्ट सामने आई। इसमें उसने अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में कहा गया कि अंकित गैंग के दुश्मनों का साथ देता था और गोगी भाई के साथ हुई घटना पर उसने गाना बनाया था।
पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि अंकित गैंग के दुश्मनों के आपराधिक कामों में उनका साथ देता था। पोस्ट में आगे भी विरोधियों को निशाना बनाने की धमकी देने की बात कही गई है।
हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों की जांच पुलिस कर रही है। पुलिस गोगी गैंग से कनेक्शन समेत हत्या के दूसरे पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ से मिली पहचान
अंकित बालियान का हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से पुराना जुड़ाव था। 15 जनवरी 2023 को उनका ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाना रिलीज हुआ था। बाद में गन कल्चर को बढ़ावा देने के हवाले से इसे बैन कर दिया गया था। इस गाने को 50 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिलने की बात कही गई है।
अंकित ने बेबी बदमाश, गैनर और बॉडी बिल्डर जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया था। उन्होंने मासूम शर्मा के साथ ‘गोली बारूद’ और राजू पंजाबी व अंजलि राघव के साथ ‘जाट-जाटनी’ गाने में भी काम किया था।
वह हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में 50 से ज्यादा गानों में काम कर चुके थे। जानकारी के मुताबिक, वह करीब 20 नए हरियाणवी गानों पर भी काम कर रहे थे। इनकी शूटिंग और रिलीज की तैयारी चल रही थी।
रोहतक में सिंगर से विवाद का एंगल भी जांच में
अंकित कई साल तक सोनीपत और रोहतक में रहकर म्यूजिक स्टूडियो में काम करते थे। करीब छह महीने पहले रोहतक में उनकी एक सिंगर से कहासुनी होने की बात सामने आई थी।
बताया जा रहा है कि इस विवाद के बाद अंकित ने रोहतक आना कम कर दिया था और वह ज्यादा समय अपने गांव में बिताने लगे थे। हालांकि, जिस सिंगर से उनका विवाद हुआ था, उसका नाम अभी सामने नहीं आया है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
शामली के बंतीखेड़ा के रहने वाले थे अंकित
32 वर्षीय अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। उनके पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं और मां अमरेश गृहिणी हैं। अंकित दो भाइयों में बड़े थे और शादीशुदा थे।
हत्या के बाद उनका शव सड़क पर रखकर जाम लगाया गया था। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। अंकित की मां का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस अब हत्या में शामिल हमलावरों की पहचान, गोगी गैंग से जुड़े सोशल मीडिया दावे और अंकित के पुराने विवादों समेत अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


