सोनीपत। हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की हत्या का वीडियो सामने आया है। वीडियो में 26 अगस्त की शाम करीब पौने सात बजे अंकित जिम से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। काले रंग का ट्रैक सूट पहने अंकित जिम के पास खड़ी अपनी कार तक जाते हैं। वह पहले अपना बैग कार में रखते हैं और फिर दीवार के पास ड्राइविंग सीट की तरफ बढ़ते हैं।
चार शूटरों ने घेरकर की फायरिंग
वीडियो के मुताबिक, इसी दौरान जिम की तरफ से चार शूटर हाथों में तमंचे लेकर आते हैं और अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देते हैं। दीवार और कार के बीच कम जगह होने के कारण अंकित के लिए बचने की गुंजाइश नहीं दिखती। शूटर उन्हें चारों तरफ से घेरकर गोलियां चलाते हैं।
वीडियो में करीब 25 सेकंड तक फायरिंग होती दिखाई देती है। इसके बाद चारों शूटर मौके से भाग जाते हैं।

फायरिंग देख लोग अंदर लौटे
वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि वारदात के दौरान कोई व्यक्ति अंकित को बचाने या शूटरों को पकड़ने के लिए आगे नहीं आता। जिम के अंदर मौजूद कुछ लोग बाहर आते हैं, लेकिन फायरिंग देखकर वापस अंदर चले जाते हैं। सड़क से गुजर रहे लोग भी गोलीबारी के बीच इधर-उधर भागते दिखाई देते हैं।
दो लोगों ने ली जिम्मेदारी, पुलिस की पुष्टि नहीं
हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग लोगों की ओर से वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। इनमें सोनीपत निवासी राहुल उर्फ भोलू शाहपुर और खुद को एक्टर बताने वाला भूपेंद्र ढींगरा शामिल हैं।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक दोनों दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एक ही हत्याकांड को लेकर अलग-अलग लोगों की ओर से जिम्मेदारी लेने के दावों ने मामले को और उलझा दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


