कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा की केंद्र सरकार को घेरा है। कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी शैलजा ने सिक्किम के राज्यपाल बनाए गए दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि अंकिता के परिवार की ओर से जिस व्यक्ति के खिलाफ जांच की मांग की जा रही है, उसे राज्यपाल का पद देकर संवैधानिक संरक्षण क्यों दिया गया? वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की अपील की है।

‘इंसाफ मांग रहे माता-पिता को ही उठाया जा रहा’

कुमारी शैलजा ने अंकिता के माता-पिता के साथ हुए व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अंकिता का परिवार अपनी बेटी के लिए इंसाफ मांग रहा है। उत्तराखंड के लोग भी न्याय की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद परिवार को ही हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई की जा रही है।

शैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का रवैया ऐसा है कि अपने लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने सवाल किया कि जिस व्यक्ति का नाम इस मामले में सामने आने का दावा किया जा रहा है, उसके खिलाफ सीबीआई जांच की मांग के बीच उसे राज्यपाल बना दिया गया। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार को डर है कि जांच में कोई नाम सामने आ सकता है?

राहुल गांधी ने राष्ट्रपति से की पुनर्विचार की अपील

इस मामले में राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार समेत कई लोग मानते हैं कि दुष्यंत गौतम का इस हत्याकांड से संबंध है। ऐसे में उनके राज्यपाल पद पर रहते हुए उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई किए जाने को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

राहुल गांधी ने राष्ट्रपति से दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की अपील की है। कांग्रेस का कहना है कि अंकिता के परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

‘अंकिता समेत दूसरी बेटियों को भी इंसाफ दिलाने की लड़ाई’

कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस अंकिता के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा जताया कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। उनके मुताबिक, यह लड़ाई केवल अंकिता तक सीमित नहीं है, बल्कि उन सभी बेटियों को न्याय दिलाने से जुड़ी है, जिनके साथ अन्याय हुआ है।

शैलजा ने बताया कि राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात कर परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया है।

कांग्रेस ने इस पूरे मामले में न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है। पार्टी का कहना है कि अंकिता के परिवार को न्याय मिलना चाहिए और उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m