गुरुग्राम। पुलिस लाइन के ठीक सामने फुटओवर ब्रिज पर एक व्यक्ति की पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई। बुधवार देर रात हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, फुटओवर ब्रिज पर मौजूद लोगों ने देर रात पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को व्यक्ति के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। शव के पास खून से सनी इंटरलॉकिंग टाइल भी पड़ी थी। पुलिस को आशंका है कि इसी पत्थर से वार कर हत्या की गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया। टीम ने खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और खून से सना पत्थर समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया।
मृतक की पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस को मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। अब पुलिस आसपास के इलाकों में लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज गुमशुदगी के रिकॉर्ड से भी मृतक का मिलान किया जा रहा है।
सेक्टर-14 थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर जांच अधिकारी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस लाइन के ठीक सामने हुई इस वारदात की जांच के लिए पुलिस कई पहलुओं पर काम कर रही है। फुटओवर ब्रिज, मुख्य सड़क और आसपास की इमारतों व दुकानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस इनके जरिए वारदात के समय और मृतक के साथ मौजूद लोगों के बारे में जानकारी जुटाना चाहती है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

