नोएडा. ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी करने वाले सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर एक और केस दर्ज कर दिया गया है. थाना सेक्टर-24 में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. राष्ट्रीय परशुराम परिषद ने ये केस लगाया है. प्रदर्शन के बाद ब्राह्मण समाज लोगों ने थाना पहुंचकर मामला पंजीकृत कराया. ब्राह्मण समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में बुधवार को भी गाजियाबाद में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई थी.
इस मामले ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. भाजपा नेताओं और ब्राह्मण संगठनों ने इस बयान को समाज का अपमान बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. जानकारी के अनुसार भाटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. जिसके बाद उन पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया. वीडियो सामने आने के बाद ब्राह्मण संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई.
इसे भी पढ़ें : बवाल मचा रहा बयानः ब्राम्हणों को लेकर राजकुमार भाटी के टिप्पणी पर भड़के अजय राय, अखिलेश यादव से कर दी बड़ी मांग
क्या कहा था राजकुमार भाटी ने
बता दें कि 5 मई को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने ब्राह्मणों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. भाटी ने कार्यक्रम में मुहावरा सुनाते हुए कहा था कि ब्राह्मण भला न वेश्या, इनमें भला न कोय और कोई-कोई वेश्या तो भली, ब्राह्मण भला न कोय… मतलब – ब्राह्मण वेश्याओं से ज्यादा खराब हैं. भाटी के बयान का वीडियो क्लीप सामने आते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया था. वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन ने बयान पर नाराजगी जताई और भाजपा नेताओं ने सपा के चरित्र पर सवाल उठाए.

