पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व से बुरी खबर सामने आई है। सरही वन परिक्षेत्र में एक और नर बाघ शावक का शव शुक्रवार को मिला है। इसके साथ ही कान्हा में एक महीने के भीतर यह तीसरे बाघ की मौत है, जिसके बाद से प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कान्हा प्रबंधन के अनुसार इटावारे नाला में बाघ शावक का शव मिला था। शव में सड़ांध आ चुकी थी, जिससे प्रतीत होता है कि बाघ की मौत कई दिनों पहले हो चुकी थी। चार सदस्यीय दल ने पोस्टमार्टम किया है, किन्तु बाघ की मौत की वजह अभी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है।
READ MORE: सरकारी आवास पर कांस्टेबल ने की आत्महत्या: फांसी लगाकर दी जान, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
लगातार हो रही बाघों की मौत से वन्यजीव प्रेमियों में नाराजगी है। एक महीने में तीन बाघों की मौत कान्हा जैसे प्रतिष्ठित टाइगर रिजर्व के लिए चिंता का विषय है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या गश्त में लापरवाही बरती जा रही है? क्या मॉनिटरिंग सिस्टम फेल हो रहा है?
कान्हा टाइगर रिजर्व मध्य प्रदेश की शान है और बाघ संरक्षण का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में लगातार हो रही मौतों की उच्च स्तरीय जांच जरूरी है। अब देखना होगा कि वन विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और बाघों की सुरक्षा के लिए क्या नए कदम उठाए जाते हैं।

