चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस विभाग में एक दुखद घटना सामने आई है। मल्हारगंज थाना क्षेत्र के सरकारी आवास में यातायात एसीपी जोन-1 के मुंशी पद पर तैनात पुलिस आरक्षक अरविंद तोमर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक आरक्षक अरविंद तोमर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले थे। वे वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में शामिल हुए थे। हाल ही में उनकी दिल्ली पुलिस में भी चयन हो गया था और वे 4-5 महीने के अंदर दिल्ली पुलिस ज्वाइन करने वाले थे। उनकी शादी नहीं हुई थी।
READ MORE: थाली से शुरू हुआ झगड़ा, सब्बल पर खत्म हुई जिंदगीः बड़े भाई को छोटे ने उतारा मौत के घाट
बीती रात करीब 10:00 बजे ड्यूटी समाप्त कर अरविंद तोमर अपने सरकारी आवास पर लौटे थे। इसके कुछ देर बाद ही उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी तरह का सुसाइड नोट या अन्य कोई लिखित सामग्री नहीं मिली है। मृतक के मोबाइल फोन और अन्य सामग्री को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा जप्त कर लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है। परिवार को उत्तर प्रदेश में सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
READ MORE: MP में थारकांड के बाद फिर बवाल: मंत्री के भाई ने महिला CEO को दी धमकी, बोले- ‘तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा’
इंदौर के एडिशनल डीसीपी सुमित केरकेट्टा ने बताया कि पूरी घटना की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, “हम सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। मोबाइल और अन्य सामग्रियों की जांच से कई बातें सामने आ सकती हैं।” पुलिस इस मामले में आत्महत्या का कारण पता लगाने की कोशिश कर रही है।

