संजय वाणी, भोपाल/आलीराजपुर। मध्यप्रदेश में पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे के थारकांड और एसडीओपी धमकी वाला वायरल वीडियो के बाद मंत्री के भाई का विवाद सामने आ गया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई और जनपद पंचायत अध्यक्ष के पति इंदर सिंह चौहान का महिला सीईओ को धमकाने, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, हालांकि उसे न्यायालय से जमानत भी मिल गई है।
यहां सब मेरी मर्जी से होगा
दरअसल घटना 22 अप्रैल 2026 की है। जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रिया काग दोपहर 3 बजे दफ्तर पहुंचीं, तभी कन्या विवाह योजना के तहत विवाहित आवेदकों के आवेदन निरस्त किए जाने को लेकर इंदर चौहान ने विवाद कर दिया। उन्होंने गुस्से में न सिर्फ सीईओ के साथ अभद्रता की बल्कि धमकी दी कि-“तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा, यहां सब मेरी मर्जी से होगा।” सीईओ को मारने के लिए उनकी ओर बढ़े रहे थे, लेकिन मौके पर लेखाधिकारी सावन भिंडे ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाल ली। मामले में पुलिस ने इंदर के खिलाफ (BNS) की धारा 132, 224, 221, 351(2) और 126(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
सीईओ बोलीं-कार्यस्थल पर असुरक्षित हूं
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रिया काग ने कहा- “मैं 22 अप्रैल को दोपहर 3 बजे ऑफिस पहुंची तो इंदर सिंह चौहान ने कन्या विवाह योजना के आवेदन निरस्त करने पर मुझे धमकाया। उन्होंने कहा ‘तेरे दांत तोड़ दूंगा, जिंदा गाड़ दूंगा’ और मुझे मारने दौड़े। उन्होंने मेरा रास्ता भी रोका। मैं अपने कार्यस्थल पर असुरक्षित महसूस कर रही हूं।”
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले पर मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा- “सालों हो गए, मैं अपने भाई से बात नहीं करता। वह अलग रहता है और अपना काम करता है। वह किससे क्या कह रहा है, यह वही जाने। कानून अपना काम करेगा।” एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया के अनुसार, आरोपी इंदर चौहान को केस दर्ज करने के बाद गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उसे जमानत मिल गई। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के परिजनों की कथित दबंगई को लेकर राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।
MP में भीषण गर्मी: खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म; ग्वालियर-उज्जैन में लू का अलर्ट, कई जगह 42-44 डिग्री


25 अप्रैल महाकाल भस्म आरती: ड्राईफ्रूट और आभूषणों से बाबा महाकाल का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन


